अंबिकापुर। गर्मी आते ही विभिन्न समाज व संगठन के लोग प्याऊ लगा कर राहगीरों को पानी पिलाते हैं, मगर शहर का मारवाड़ी समाज प्याऊ में प्रतिवर्ष शरबत के साथ खीरा, चना, बूंदी, तरबूज व अन्य चीजों का वितरण करता है। मारवाड़ी युवा मंच अंबिकापुर के द्वारा यह प्याऊ लगाया जाता है, जिसमें समाज के लोगों का भरपूर सहयोग मिलता है। मंच द्वारा यह सेवा पांच वर्ष पूर्व प्रारंभ की गई थी, जिसे निरंतर चलाया जा रहा है।
राम मंदिर रोड से गुजरते समय आपको शरबत से भरे गिलास व खाने के लिए अन्य चीजें दिखाई देंगी, यहां आपके कदम स्वस्फूर्त रुक जाएंगे। मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने बताया कि राम मंदिर रोड व्यस्ततम मार्ग है। उक्त मार्ग में थोक दुकानें भी हैं, जहां मजदूर व ग्रामीण इलाकों से दुकानदार बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, साथ ही अन्य राहगीरों का भी आवागमन होता है। प्रतिवर्ष गर्मी बढ़ती जा रही है, जिससे गर्मी में शरीर में शुगर लेवल व पानी कम हो जाता है, जिससे कमजोरी भी आती है। मीठा शरबत पीने से प्यास के साथ-साथ शरीर को भी राहत मिलती है। मंच द्वारा शुद्ध तरीके से ठंडा शर्बत तैयार किया जाता है, साथ ही खाने के लिए प्रत्येक दिन चना, खीरा व अन्य चीजों का भी वितरण किया जाता है। शुभम स्वयं इसका संचालन करते हैं, जरूरत पडऩे पर स्वयं ही शरबत बनाते हैं।
प्रदेश का पहला ऐसा प्याऊ जहां मिलता है ठंडा शरबत प्रतिवर्ष पूरी गर्मी भर शरबत, खीरा, चने का होगा वितरण

Leave a reply