सूरजपुर। अंचल की अधिष्ठात्री देवी मां बागेश्वरी के धाम में तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को सरगुजा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष खेलसाय सिंह व पारसनाथ राजवाड़े के आतिथ्य में किया गया। सर्वप्रथम मानसगायन प्रतियोगिता के आयोजन से कुदरगढ़ महोत्सव की शुरुआत की गई। पश्चात म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुति दी गई। पहले दिन दर्शकों के मुख्य आकर्षण रहे छत्तीसगढ़ी लोक गायक पद्मश्री अनुज शर्मा द्वारा सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुति से शमां बांधा और लोक गीतों पर कुदरगढ़ पहुंचे श्रद्धालु जमकर झूमे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि सहित कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ राहुल देव, मां बागेश्वरी देवी लोक न्यास ट्रस्ट व मेला अध्यक्ष भुवन भास्कर प्रताप सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, अजय तिवारी, आशीष सिंह, राजेश तिवारी, सिद्धार्थ सिंह बघेल, शांतनु सिंह, अरुण सिंह, विजय गुर्जर, अभय विक्रम सिंह देव, संस्कार अग्रवाल शिवबालक यादव सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट के आजीवन सदस्य व सहयोगी कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा नागरिक गण उपस्थित रहे। आयोजन के दूसरे दिन गुरुवार को कला केन्द्र सूरजपुर के द्वारा पारंपरिक रैम्प वाक की प्रस्तुति के बाद कवि सम्मेलन का कार्यक्रम हुआ जिसमें देश के प्रसिद्ध कवि पद्मश्री सुनील जोगी, दिनेश रघुवंशी,दिनेश दीगज, अंकिता सिंह, अमन अक्षर, गजेंद्र प्रियांशु, बलजीत कौर, पद्मलोचन मुंहफट, श्याम कश्यप बेचौन के द्वारा प्रस्तुति दी गई।
