अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने सदर कोतवाली व गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछले दो वर्ष में हुई 40 से अधिक चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों और एक आभूषण के कारोबारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। आरोपित चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद रकम व जेवरातों का बंटवारा कर अपने-अपने रास्ते निकल लेते थे। जेवरातों के तौल के लिए इन्होंने बकायदा तौल मशीन रखा था, जो आभूषण निर्माता व विक्रेता अपने पास रखते हैं। इनके द्वारा सर्वाधिक चोरी की घटनाओं को गांधीनगर थाना क्षेत्र में अंजाम दिया गया है। पुलिस ने इनके पास से साढ़े चार लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले ने बताया कि सिर्फ दो लोगों ने मिलकर उन घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया, जिस घर में बाउंड्री हो। बाउंड्री के गेट का ताला बंद रहने से किसी को संदेह नहीं होता था और अंदर के दरवाजों का ताला तोड़कर ये चोरी की घटना को अंजाम देते थे। इससे किसी को चोरी की भनक तत्काल नहीं लगती थी। चोरी के जेवरातों को वे रीवा के आभूषण निर्माता, विक्रेता के पास खपाते थे। पुलिस ने जब इनके घरों की तलाशी ली तो स्कूटी के हेडलाइट व पैनल, बिजली के बोर्ड में छिपाकर रखे गए रुपये व जेवरात मिले।
अंबिकापुर शहर में सिलसिलेवार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने और चोरों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा था। चोरी की घटनाओं को रोकने एवं आरोपितों को पकडऩे सरगुजा पुलिस मुस्तैद थी, लेकिन चोर भी चैलेंजिंग मोड में वारदातों को अंजाम देने में लगे थे। चोरों को पकडऩे के लिए पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल के अतिरिक्त सभी तकनीक का सहारा लिया जा रहा था, जिससे चोरों तक पहुंचा जा सके। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश का बाबू उर्फ राज खान अपने साथी पिंटू पांडेय निवासी बाबूपारा, जो पूर्व में रीवा मध्य प्रदेश में रहता था, इनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। संभावना जताई गई थी कि इनके द्वारा सूने मकान की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में विशेष टीम जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश भेजा गया, यहां से आरोपित बाबू खान उर्फ राज एवं पिंटू पांडेय को पकडऩे में पुलिस को सफलता मिली। दोनों आरोपितों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों में तकिया रोड, केनाबांध बौरीपारा, घुटरापारा, गोधनपुर, नावापारा, फुंदुरडिहारी, राजेंद्रनगर, महुआपारा, नमनाकला, कृष्णानगर कॉलोनी, दत्ता कॉलोनी, पटपरिया, कार्मेल स्कूल के पास, सुभाषनगर, भगवानपुर, गंगापुर इत्यादि जगहों में 40 से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए हैं। चोरी में प्राप्त सोने एवं चांदी के जेवरों को रीवा में निखिल सोनी उर्फ काजू के पास बेचने की उन्होंने जानकारी दी, जिसे वह गला देता था। आरोपित बाबू खान और पिंटू पांडेय की निशानदेही पर पुलिस ने रीवा से निखिल सोनी को पकड़ा और उसके कब्जे से गले हुए सोने की सिल्ली के अलावा तीनों आरोपितों से कुल 458 ग्राम सोना और 2.50 किलो चांदी तथा साढ़े चार लाख रुपये से अधिक नगद राशि, दो स्कूटी बरामद करने में सफलता मिली है। घटना में प्रयुक्त औजार की बरामदगी पृथक से आरोपितों की निशानदेही पर की गई है। पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि आरोपित बाबू खान और पिंटू पांडेय ने शहर में जिन घरों में चोरी की थी, उन घरों को स्वयं दिखाया। किस घर में उन्होंने कैसे प्रवेश किया, इसकी भी जानकारी दी। कार्रवाई में निरीक्षक भारद्वाज सिंह, अलरिक लकड़ा, उप निरीक्षक प्रमोद पांडेय, सरफराज फिरदौसी, ओपी यादव, विद्याभूषण भारद्वाज, विजय दुबे, प्रमोद दुबे, रश्मि सिंह, सउनि अजीत मिश्रा, भूपेश सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक पांडेय, विवेक पांडेय, संतोष तिवारी, विनय सिंह, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, मनोज मालवीय, राधा यादव, संतोष कश्यप, आरक्षक राकेश शर्मा, मनीष सिंह, बृजेश राय, जयदीप सिंह, विकास सिंह, अमित विश्वकर्मा, अतुल सिंह, समीनुल फिरदौसी, अमृत सिंह, अंशुल शर्मा, विमल कुमार, जितेश साहू, अनिल सिंह सहित
आरोपितों के विरुद्ध दर्ज अपराध-
सदर कोतवाली में वर्ष 2022 में कुल तीन प्रकरण, अपराध क्रमांक 202, 229, 279 धारा 457, 380 भादवि अज्ञात चोरों के विरुद्ध दर्ज किए गए थे। इसी प्रकार थाना गांधीनगर में वर्ष 2021 में अपराध क्रमांक 91, 148, 181, 184, 186, 201, 204, 206, 218, 219, 224, 230, 235, 354, 387, 394, 526, 558, 581, 590, 668, 676, 719/21 धारा 457, 380 (कुल 24 प्रकरण वर्ष 2021), वर्ष 2022 में अपराध क्रमांक 13, 15, 16, 51, 53, 56, 78, 80, 89, 107, 108, 126 धारा 457, 380 भादवि (कुल 12 प्रकरण) कायम किया गया है।
रीवा में भी चोरी के मामले दर्ज-
आरोपित पिंटू पांडेय के विरुद्ध रीवा मध्य प्रदेश में भी चोरी के मामले दर्ज हैं, जिसमें उसका स्थाई वारंट भी न्यायालय द्वारा जारी किया गया है। आरोपित बाबू खान एवं पिंटू पांडेय के द्वारा बताया गया कि वेब पोर्टल व इंटरनेट मीडिया में मकान स्वामी के द्वारा चोरी की गई संपत्ति की जानकारी जितनी बताई जाती है, उतनी संपत्ति उन्हें कभी-कभार मिलती थी। अक्सर चोरी का माल रिपोर्ट किए गए माल से कम मिलता था।
पुलिस टीम को करेंगे पुरस्कृत-
पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले ने कहा कि इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला स्वयं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम के साथ रवाना हुए थे। इनके साथ भूपेश सिंह, सरफराज व पूरी टीम ने बेहतर काम किया है, जिससे पिछले दो वर्ष से चोरी की वारदात के बाद सुरक्षित आना-जाना कर रहे शातिरों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा टीम को हर मामले की गुत्थी सुलझाने में मिली सफलता के लिए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने अधिवक्ता के यहां बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। यहां से चोरी गए सामान भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसे उन्होंने किराए के मकान में रखा था।
बाबू खान 2017 में छूटा था जेल से-
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी का आरोपित बाबू खान वर्ष 2017 में तीन वर्ष बाद जेल से छूटा था। इसके बाद उसकी मंशा अच्छा काम करने की थी। वह रीवा और अंबिकापुर में आटो भी चलाया था। लाकडाउन में काम बंद हुआ और इन्होंने राह बदल ली। पिंटू पांडेय स्नैक्स बेचता था, यहीं दोनों की पहचान हुई और वे अपराध की तह तक पहुंच गए।
इन्हें जेल भेजा पुलिस ने-
(1) राज खान उर्फ बाबू उर्फ मैक्स पिता अब्दुल गफ्फार (30) निवासी घोघर थाना कोतवाली जिला रीवा मध्य प्रदेश, अस्थाई निवासी पल्टन बजार सदर कोतवाली जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश। हाल-मुकाम निरंजन राय के रायपारा में स्थित किराए के मकान में, सुभाषनगर थाना गांधीनगर अंबिकापुर।
(2) पिंटू पांडेय पिता दयाशंकर पांडेय (31) निवासी पुराना बस स्टैंड, जोड़ा तालाब के पास बाबूपारा विमल के मकान में थाना कोतवाली अंबिकापुर।
(3) निखिल सोनी उर्फ काजू पिता राजेश सोनी (28) निवासी निपनिया वार्ड नंबर 01 रीवा मध्य प्रदेश। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
40 से अधिक घरों को 02 चोरों ने 02 वर्ष में बनाया निशाना, शातिर चोरों से नकदी सहित 30 लाख का जेवरात बरामद स्कूटी के हेड लाइट, पैनल से लगे बैट्री में बांधकर रखा था चोरी का लाखों रुपये चोरी का जेवर खरीदने वाले को रीवा मध्य प्रदेश से गिरफ्तार की पुलिस एएसपी विवेक शुक्ला के साथ प्रतापगढ़ और रीवा गई टीम को मिलेगा ईनाम

Leave a reply