samvaad
छत्तीसगढ़

स्वामी आत्मानंद विद्यालय के बच्चों को नहीं मिली पाठ्यपुस्तक


प्रतापपुर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं को दी जानेवाली निश्शुल्क किताब नया सत्र प्रारंभ होने के बाद भी नहीं मिलने से सवाल खड़े हो रहे हैं। पिछले सत्र में किताबें उपलब्ध रहने के बावजूद विद्यालयों में पुस्तक पहुंचते-पहुंचते आधा सत्र निकल गया था।
प्रतापपुर का स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय को सीबीएसई पाठ्यक्रम का मान्यता मिल गया है। बच्चों के पास किताब नहीं होने से इनका पठन-पाठन बाधित हो रहा है, वहीं सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मंशा हास्यस्पद हो गई है। एक अप्रैल 2022 से विद्यालयों में शिक्षा सत्र प्रारंभ हो चुका है। किताबों के अभाव के बाद भी शिक्षक स्कूल में किसी तरह बच्चों को पढ़ा तो देते हैं, लेकिन बच्चे घर पर पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। विद्यालयों के शिक्षकों ने भी बच्चों के पास पुस्तक नहीं रहने से पठन-पाठन में कठिनाई की बात कही। पूरे छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट शिक्षा हेतु स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय खोला गया है, जिसका संचालन कैसे हो रहा है यह सोचनीय है।
बैठक में करेंगे चर्चा-धुर्वे
विकास खंड शिक्षा अधिकारी मुन्नू धुर्वे ने कहा कि आज ही इस संबंध में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उत्कृष्ट विद्यालय के प्रबंधन की बैठक बुलाई गई है, जिसमें इस विषय पर चर्चा की जाएगी।
बच्चों को पुस्तक उपलब्ध कराए प्रशासन-आयाम
जनपद पंचायत प्रतापपुर के अध्यक्ष जगत लाल आयाम ने कहा जल्द से जल्द बच्चों को पुस्तक जिला प्रशासन उपलब्ध कराएं ताकि जो बच्चे पिछड़ गए हैं वे अपना कोर्स पूरा कर सकें।

Leave a Reply