samvaad
छत्तीसगढ़

छात्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाली मामी जेल दाखिल सहेलियों ने पुलिस को बताया-काफी दिनों से सह रही थी शारीरिक व मानसिक प्रताडऩा


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के बलंगी पुलिस चौकी अंतर्गत कक्षा 12वीं की छात्रा के द्वारा किए गए अग्निस्नान के मामले में पुलिस ने जांच व मृतिका की सहेलियों के कथन के बाद उसकी मामी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि छात्रा को उसकी मामी शारीरिक व मानसिक रूप से पढ़ाई को लेकर टार्चर करती थी। पुलिस ने मामी के द्वारा आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला पाने पर आरोपिता के विरूद्ध अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।  
पुलिस ने बताया कि बलंगी निवासी सूरजलाल विश्वकर्मा के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसके बहन की मृत्यु एवं जीजा के पागल होकर घर से कहीं चले जाने के बाद वह अपनी बहन के चार बच्चों, तीन लड़की और एक लड़का को 15 वर्ष पूर्व गोद लेकर उनकी परवरिश कर रहा है। उसकी एक भांजी शिवमति विश्वकर्मा 19 वर्ष, कक्षा 12वीं में बलंगी स्कूल में पढ़ रही थी। घर में 16 फरवरी 2022 को उसकी बड़ी बहन की शादी तय थी, जिसके कारण घर की साफ-सफाई सभी मिलकर कर रहे थे, इस कारण 11 फरवरी को वह स्कूल नहीं गई थी। परिवार के सभी लोग साफ-सफाई व घरेलू काम में व्यस्त थे। इसी दौरान वह कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके आग से जल गई। धुआं देखकर उसकी बड़ी बहन पार्वती चिल्लाई और घर के लोग आए। छत का कंडी, खपड़ा हटाकर देखा तो शिवमति बुरी तरह से जल गई थी, जिस पर पुलिस मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की। घटनास्थल से पुलिस ने जरकिन में एक लीटर मिट्टी तेल, एक माचिस, मृतिका के जले कपड़े को जप्त किया गया था। इसके पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रार्थी एवं गवाहों का कथन लेने के बाद भी मृत्यु का कारण पता नहीं चला। मृतिका की सहेलियों से पूछताछ में सामने आया कि उसकी मामी प्रेम कुमारी के द्वारा किताब, कॉपी, कपड़ा के लिए मृतिका को रुपये नहीं दिया जाता था। वह उसे स्कूल जाने से मना करती थी। मामी का कहना था कि यदि पढऩा है तो मजदूरी करके पढ़ो, हम तुम्हारा खर्चा नहीं उठाएंंगे। इसे लेकर वह शरीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त होती थी। सहेलियों को मृतिका बताई थी कि वह अब ज्यादा दिन नहीं रहेगी। इसके बाद वह स्वयं घर में आग लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रकरण के संबंध में पुलिस अधिकारियों को अवगत करा आरोपित प्रेम कुमारी के विरूद्ध धारा 306 का मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी बलंगी अब्दुल मुनाफ, सहायक उप निरीक्षक सत्यदेव सांडिया, प्रधान आरक्षक गौतम मरकाम, अनिल पटेल, आरक्षक अवधेश कुशवाहा, अरविंद सिंह, रोशन कुमार विसेन, सलीम एक्का, देवचंद्र सिंह, महिला आरक्षक हीरामनी उम्बराव शामिल रहे।

Leave a Reply