अंबिकापुर। गर्मी की दस्तक के साथ ही शहर में पानी की किल्लत न हो, इसे लेकर कलेक्टर संजीव कुमार झा ने निगम आयुक्त विजय दयाराम के. और अमृत मिशन योजना के अधिकारियों की बैठक लेकर पानी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर हर वार्ड में पानी की व्यवस्था में आने वाले अवरोध को दूर करने के सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सख्त लहजे में अधिकारियों को चेतावनी दी है कि पानी की समस्या सामने आई तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर संजीव कुमार झा ने अमृत मिशन योजना के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया है साथ ही यह सुनिश्चित करने अधिकारियों को कहा है कि एक भी वार्ड में गर्मी के दिनों में पानी की समस्या ना हो। विदित हो कि अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में अमृत मिशन योजना के तहत काम कराए जा रहे हैं, लेकिन पानी सप्लाई में गड़बड़ी की शिकायतें कलेक्टर को मिल रही है। ऐसे में कलेक्टर ने सख्ती बरतते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने कहा ताकि लोगों को गर्मी में पानी की समस्या न हो। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि तकिया फिल्टर प्लांट में चल रहे लाइनिंग के काम की वजह से ग्रेविटी लाइन में काफी समय से सप्लाई नहीं हो रही थी। अचानक सप्लाई शुरू करने पर जॉइंट पर लगे रबर गैस किट कमजोर हो गए हैं, जिस कारण कई जगहों पर लीकेज की समस्या सामने आई है, जिस पर सरगुजा कलेक्टर ने तमाम अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर तमाम कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आने वाले समय में किसी भी वार्ड पर पानी की समस्या उत्पन्न ना हो। उन्होंने टैंकर के साथ घरों में पानी सप्लाई की व्यवस्था को दुरुस्त करने कहा है।
कलेक्टर ने कहा-गर्मी में पानी की किल्लत सामने आई तो जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई निगम व अमृत मिशन के अधिकारियों की बैठक में एक सप्ताह में कमियों को दूर करने के दिए निर्देश

Leave a reply