samvaad
छत्तीसगढ़

सूरजपुर के भाजपा जिला अध्यक्ष के विरुद्ध भटगांव थाने में मानहानि की शिकायत नगर पंचायत जरही के अध्यक्ष ने कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष व समर्थकों के साथ भटगांव थाने पहुंच की कार्रवाई की मांग


जरही। जरही में हुई स्कूली छात्रा की हत्या और बलात्कार के मामले में राजनीति थमने का नाम नहीं ले रहा है। जगह-जगह आंदोलन और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। राजनैतिक दल एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं। इधर कांग्रेस पार्टी के प्रतापपुर ब्लॉक अध्यक्ष कुमार सिंहदेव एवं नगर पंचायत जरही के अध्यक्ष बीजू दासन ने सूरजपुर के भाजपा जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल के विरुद्ध भटगांव थाने में शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है।
 नगर पंचायत अध्यक्ष बीजू दासन और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रतापपुर के अध्यक्ष कुमार सिंहदेव ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि भाजपा के सूरजपुर जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल के द्वारा यह आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस पार्टी और नपं अध्यक्ष बीजू दासन के द्वारा स्कूली छात्रा के दुष्कर्मी व हत्यारे को बचाया जा रहा है। कहा गया है इस तरह के आरोप लगाकर संवेदनशील मामले में उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। बीजू दासन ने कहा है कि पुलिस के द्वारा तत्परतापूर्वक कार्रवाई करके हत्या के आरोपित को जेल भेजा गया है। भाजपा नेताओं के द्वारा अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी मानहानि हो रही है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि भाजपा जिला अध्यक्ष के विरूद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई करें। मंत्री प्रतिनिधि व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रतापपुर अध्यक्ष कुमार सिंहदेव ने स्कूली छात्रा के हत्याकांड की घोर निंदा कर हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। उम्मीद है उसे जल्द से जल्द फांसी की सजा मिलेगी। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि भूपेश सरकार के विकास कार्यों से क्षुब्ध होकर भाजपा के द्वारा कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि भाजपा जिला अध्यक्ष के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसईसीएल के मंत्री प्रतिनिधि रविंद्र सिंह, नगर पंचायत भटगांव के अध्यक्ष सूरज गुप्ता, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, अभय गुप्ता, निशा बीजू एल्डरमैन रामप्रवेश यादव, कमला यादव, जरही नपं उपाध्यक्ष प्रेम राजवाड़े सहित काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे। भटगांव थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने मामले की जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है।

Leave a Reply