samvaad
छत्तीसगढ़

ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाया एक और अंतर्राज्यीय आरोपित सदर कोतवाली में नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई जप्त मादक पदार्थ की मात्रा 81.10 ग्राम, कीमत करीब 16 लाख रुपये सरगुजा पुलिस ने नशे के खिलाफ विगत 10 दिन में की 4 बड़ी कार्रवाई


अंबिकापुर। नवा बिहान-नशा मुक्ति अभियान के तहत नशेडिय़ों एवं नशे के सौदागरों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की कड़ी में सदर कोतवाली की नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 10 दिन के अंतराल में चार बड़ी कार्रवाई कर आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेजा है। इसी क्रम में सरगुजा पुलिस को पुन: एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के अंतर्राज्यीय व्यापारी को पकडऩे में सफलता मिली है, जो ब्राउन शुगर खपाने के उद्देश्य से बौरीपारा तालाब अंबिकापुर के पास पहुंचा था। पुलिस ने मुखबिर के द्वारा बताए गए हुलिया के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल सवार संदेही राजू कुमार चंद्रवंशी पिता नरेश राम चंद्रवंशी (25) निवासी नगवा, थाना व जिला गढ़वा झारखंड को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर मिला। वजन कराने पर इसकी मात्रा 81.10 ग्राम रही, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपये है। मामले में पुलिस ने अपराध कमांक-272/22, धारा 21बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस द्वारा हाल में की गई कार्रवाई-
सरगुजा जिले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज व पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के द्वारा चलाए जा रहे नवा बिहान-नशा मुक्ति अभियान के तहत 10 दिन के बीच इस कार्रवाई के पूर्व तीन बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान पुलिस टीम ने कोचियों के साथ अंतर्राज्यीय तस्करों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के द्वारा इस अवधि में की गई कार्रवाई में निम्न आरोपित गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजे गए हैं।
(1) थाना बतौली और कोतवाली अंबिकापुर में 21 एवं 23 मार्च को क्रमश: आरोपी छोटू व राहुल गुप्ता से नशीली कफ सीरप बरामद कर जेल भेजा गया।
(2) 28 मार्च को नशीली कफ सीरप के मामले में मुख्य सरगना अतिकुर रहमान निवासी गढ़वा झारखंड, केजीएन मेडिकल एंजेसी संचालक को गिरफ्तार किया गया, जो नशीली कफ सीरप का विक्रय सरगुजा, बिलासपुर संभाग में करता था। आरोपित को 125 नग कफ सीरप के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके साथ नशेड़ी जो कोचिए का काम करते थे उन्हें भी गिरफ्तार करने में पुलिस सफल हुई थी।
(3) 29 मार्च को राजकिशोर गुप्ता पिता शिवनारायण गुप्ता निवासी देवीगंज रोड अंबिकापुर व विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर 24.84 ग्राम, कीमत करीब पांच लाख रुपये का जप्त कर जेल भेजा गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका-
नवा बिहान-नशा मुक्ति अभियान के तहत की जा रही अब तक की कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक भारद्वाज सिंह, गांधीनगर थाने के निरीक्षक एलरिक लकड़ा, उप निरीक्षक प्रमोद पांडेय, सरफराज फिरदौसी, आरक्षक मंटू गुप्ता, कुंदन सिंह, शिव राजवाड़े, सीनू फिरदौसी, अरविंद उपाध्याय, मनीष सिंह, अतुल सिंह, विमल कुमार, साहबाज अंसारी की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply