अंबिकापुर। नगर के चांदनी चौक के पास रिंग रोड में रहने वाली एक महिला अजनबी युवक के झांसे में आकर लगभग एक लाख रुपये का जेवर, नकदी सहित जरूरत कागजात गवां बैठी। घटना मेडिकल कालेज अस्पताल रोड से लगे डॉ.एमपी अग्रवाल के आवास के पास की है। सीसीटीवी में युवक की तस्वीर कैद हुई है, जो महिला को परेशानी देख बातों ही बातों में अपने झांसे में लिया और झोला लेकर गायब हो गया। इस घटना में दो युवकों की संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक रिंग रोड में चांदनी चौक के पास रहने वाली गिरजा देवी पति गोपाल सोनी मंगलवार की शाम को लगभग साढ़े पांच बजे डॉ.एमपी अग्रवाल के यहां से उपचार कराने के बाद दवा लेकर निकली थी। इसी दौरान दो युवक मिले जिन्होंने स्वयं को हरिद्वार निवासी बताया और माता आप बहुत कष्ट में हैं, बेटा भी किसी काम का नहीं है, जैसी तमाम बातें कहते हुए उन्हें अपनी बातों से प्रभावित कर लिया। युवकों की नजर महिला के गले में पहने हुए सोने के जेवर में थी। वृद्ध महिला उसकी बातों से प्रभावित हुई, इसका फायदा उठा युवकों ने समस्या का समाधान करने पहने हुए जेवरों को झोले में डालने के लिए कहा। महिला बिना सोचे-समझे अपने जेवर को उतारकर झोले में डाल दी, इसके बाद अनजान युवक झोले को अपने हाथ में ले लिया और उन्हें बिना पीछे देखे दस कदम आगे जाकर वापस आने के लिए कहा। महिला दस कदम आगे जाने के बाद वापस आने के लिए पीछे मुड़ी तो दोनों युवक गायब थे। इसकी जानकारी वह आसपास के लोगों व स्वजनों को दी। महिला ने बताया कि झोले में जेवर के अलावा साढ़े तीन हजार रुपये नकद, मेडिकल जांच रिपोर्ट, डॉक्टर के द्वारा लिखी गई एक हजार रुपये की दवा को भी वह रखी थी। बहरहाल युवक का चेहरा सीसीटीवी में कैद होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
इलाज कराके निकली महिला के जेवरात व नकदी सहित झोले को लेकर भागा युवक सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर, महिला की मानसिक परेशानी दूर करने जेवर उतारकर झोले में डलवाया था

Leave a reply