samvaad
छत्तीसगढ़

भीषण गर्मी में चिडिय़ों को राहत देने पेड़ की छांव में अनाज-पानी की व्यवस्था स्वर्णकार समाज की बेहतर पहल, घरों के बालकनी में भी रख रहे अनाज व पानी


राजपुर। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्से में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। गर्मी से सिर्फ इंसान ही नहीं बल्कि नन्हे पक्षी भी परेशान हैं। गर्मी को देखते हुए राजपुर स्वर्णकार समाज के द्वारा गेउर हरीतिमा में पक्षियों के लिए पेड़ों पर मिट्टी के बर्तन में पानी और खाने के लिए अनाज की व्यवस्था की है। प्रत्येक दिन सुबह-शाम पक्षियों के लिए रखे पानी और अनाज का निरीक्षण किया जाता है।
स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष सुरेश सोनी ने कहा कि हर साल गर्मी के मौसम में कई पक्षी प्यास और हीट स्ट्रोक के शिकार होकर जान दे रहे हैं। इसे देखते हुए स्वर्णकार समाज ने एक छोटी-सी कोशिश की है। मानवता दिखा अपने घर-ऑफि़स, पेड़ों में आने वाले पक्षियों के लिए पानी और आश्रय का प्रबंध करें तो गर्मी के कारण होने वाली पक्षियों की मौत में कमी आ सकती है, इसी सोंच के साथ यह पहल की गई है। स्वर्णकार समाज के उपाध्यक्ष राम आशीष सोनी के कहा कि पक्षियों के लिए रोज पानी-अनाज रखकर उनकी जान बचाने अपने घर के बालकनी और आंगन में पक्षियों के लिए पानी रख सकते हैं। प्लास्टिक या स्टील के बर्तन में पानी नहीं रखना चाहिए। धूप में इन बर्तनों का पानी बहुत गर्म हो जाता है। मिट्टी के बर्तन में पानी रखना अच्छा होता है। इन बर्तनों की नियमित सफाई करनी चाहिए, ताकि पक्षी रोगों से दूर रहें। अपने ऑफिस में भी सहयोगियों के साथ मिलकर वहां पानी रख सकते हैं, जहां पक्षी आते हों। अगर किसी के घर के आस-पास पक्षी कम आते हैं तो उन्हें बुलाने की व्यवस्था करनी चाहिए। स्वर्णकार समाज के सचिव अनिल सोनी ने कहा गर्मी के मौसम को देखते हुए स्वर्णकार समाज के द्वारा पक्षियों के लिए पेड़ों पर मिट्टी के बर्तन में पानी के साथ खाना भी रखा जा रहा है, इससे उन्हें ज़्यादा भटकना नहीं पड़ेगा। पक्षी बहते पानी की आवाज से आकर्षित होते हैं। बहते पानी में नहाने से उन्हें गर्मी से राहत मिलती है। प्रकृति ने पक्षियों के शरीर को इस तरह बनाया है कि वो गर्मियों का सामना कर सकें। पक्षियों को पसीना नहीं आता, उनके चेहरे पर नग्न त्वचा होती है, उनका श्वसन तंत्र भी तुलनात्मक रूप से तेज होता है। पक्षियों की कुछ प्रजातियां अपने रक्त प्रवाह को भी नियंत्रित कर सकती हैं, जिससे शरीर को ठंडा रखने में मदद मिलती है। इस दौरान राजकुमार सोनी, शंभू सोनी, रंजीत सोनी, संतोष सोनी, संजय सोनी, राकेश सोनी, शुभम सोनी, रविशंकर सोनी, बृजमोहन सोनी, रमेश सोनी, शंकर सोनी, जयेश सोनी, शिबू सोनी उपस्थित थे।

Leave a Reply