अंबिकापुर। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पाल अंबिकापुर में सुविधाओं के विस्तार की कड़ी में मरीजों को डिजिटल कंप्यूटराइज्ड रेडियोग्राफी, सीआर सिस्टम की सुविधा मिलेगी। महज तीन से चार मिनट में एक्स-रे मरीज के हाथ में होगा। इसकी शुरूआत अस्पताल में कर दी गई है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह ने बताया कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की मंशा के अनुरूप उनके निर्देशानुसार अनुमोदन के बाद स्वशासी समिति के माध्यम से लगभग आठ लाख रुपये की लागत से सीआर सिस्टम क्रय किया गया है। इस सिस्टम को 800 एमएम की एक्स-रे मशीन में लगाया गया है। इससे अब मरीजों को जल्दी एक्स-रे फिल्म उपलब्ध होगी। पहले एक्स-रे फिल्म को डार्क रूम में धोना और सुखाना पड़ता था। जल्दबाजी में मरीज स्वयं धूप में एक्स-रे फिल्म को सुखाते थे। वहीं डिजिटल एक्स-रे के लिए मरीजों को बाहर निजी जांच सेंटरों में दौड़ लगानी पड़ती थी। नई और अत्याधुनिक तकनीकि की कंप्यूटराइज्ड सुविधा मिलने के बाद एक्स-रे की जांच रिपोर्ट भी ज्यादा स्पष्ट होगी, इससेचिकित्सकों को भी सुविधा मिलेगी। यह सुविधा अभी तक निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि अब एक्स-रे जांच की क्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि हाल में एक सेट डिजिटल एक्स-रे का लगाया गया है, बाद में इसकी संख्या में बढ़ोत्तरी की जाएगी। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल में भी यह सुविधा शुरू कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डिजिटल कंप्यूटराइज्ड रेडियोग्राफी शुरू महज तीन से चार मिनट में एक्स-रे फिल्म मिलेगा मरीजों को

Leave a reply