जरही। सूरजपुर जिले के नगर पंचायत जरही में कक्षा 12वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद उसी के घर में फांसी में लटकाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपित बाबा खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। आरोपित की हरकत से लोगों में काफी आक्रोश व नाराजगी है। अंबिकापुर निवासी मृतिका के भाई ने पुलिस को जानकारी दी थी कि उनके सगे भाई भटगांव क्षेत्र में नौकरी करते हैं और परिवार के साथ जरही में निवास करते हैं। पिछले दो वर्षों से ब्रेन कैंसर से पीडि़त होने के कारण उनका इलाज अपोलो अस्पताल बिलासपुर से चल रहा है। सात फरवरी से वे अपोलो में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं, उनकी पत्नी पति की देख-रेख हेतु अस्पताल में हैं। कक्षा 12वीं में पढऩे वाली उनकी पुत्री अकेले जरही में रह रही थी, जो होली पर्व पर अंबिकापुर आई थी और 22 मार्च को वापस जरही चली गई थी। 24 मार्च को छात्रा स्कूल परीक्षा देने गई थी। इसके बाद सूचना मिली कि उसके साथ कोई घटना हुई है। जब वे जरही पहुंंचे तो उसका शव एक कमरे में पंखे से लटका था लेकिन उसका दोनों पैर पलंग के गद्दे से टिका था, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था। मृतका के शव को देखने के बाद उसके साथ कुछ गलत होने का अंदेशा था। रिपोर्ट पर पुलिस मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में विवेचना कर शव का पोस्टमार्टम कराई। शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने संदेही बाबा खान उर्फ साविर अली को गिरफ्तार कर लिया। मृतिका प्रायोगिक परीक्षा देकर वापस लौटी थी, इसी दौरान आरोपित घर में प्रवेश कर दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दिया था। साक्ष्य छिपाने की नीयत से वह मृतिका को चुन्नी व गमछा के सहारे फांसी पर लटका दिया था। प्रकरण में आरोपित के विरूद्ध पुलिस ने धारा 302, 201, 450, 376 का मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश सिंह, उप निरीक्षक उमेश सिंह, सउनि विरेंद्र यादव, सुमंत पांडेय, प्रधान आरक्षक राजेश यादव, आरक्षक रजनीश पटेल, संतोष जायसवाल, ताराचंद यादव सक्रिय रहे।
मृतिका के हाथ पर एक युवक का नाम लिख दीवाल फांदकर भागा-
मृतिका के स्वजनों ने बाबा खान उर्फ साविर अली 23 वर्ष निवासी जरही के ऊपर हत्या का संदेह जाहिर किया गया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपित को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने बताया कि घटना दिनांक को वह घर में पीछे से प्रवेश कर उसे एक अन्य युवक से संबंध नहीं रखने कहा। इसी दौरान छीना-झपटी हुई और वह उसके साथ जबरन शारीरीक संबंध स्थापित किया। किशोरी ने जब अपनी मम्मी व पड़ोसियों को उसके करतूत की जानकारी देने की बात कही तो वह भयभीत होकर दुपट्टा से गला घोंट दिया। जब वह बेहोश हो गई तो दोनों हाथों से गला दबाकर हत्या कर दिया और उसके बाएंं हाथ पर पेन से मयंक पांडेय के चलते हुआ है, छोडऩा मत उसको लिखकर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को दुपट्टा व गमछा से बांधकर पंखे में लटका दिया। इसके बाद पीछे के रास्ते आंगन का दीवाल कूदकर भाग गया था।
आरोपित को फांसी देने की मांग-
घटना की जानकारी जैसे ही सूरजपुर जिले के लोगों को मिली, हजारों की संख्या में सूरजपुर जिले की जनता और छात्र व मृतिका के स्वजन उपस्थित होकर आरोपित को फांसी में चढ़ाने की मांग करने लगे। इधर पुलिस ने जनाक्रोश को देखकर आश्वस्त किया कि दोषी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उपस्थित जनसमूह के द्वारा किशोरी को इंसाफ दिलाने की मांग की जा रही थी और पूरे मामले की जांच पारदर्शिता के साथ करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग की गई। क्षेत्र की जनता ने जरही में कैंडल मार्च कर नगर पंचायत जरही के चौक में किशोरी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस दौरान अशोक गुप्ता, शरदचंद्र द्विवेदी, रितेश गुप्ता, बाबूलाल अग्रवाल के अलावा नगर पंचायत क्षेत्र की जनता और सूरजपुर जिले के कई गणमान्य जन मौजूद रहे।
प्रतापपुर में शोक सभा आयोजित कर दी श्रद्धांजलि
फोटो-प्रताापपुर के मेल में
प्रतापपुर। एसईसीएल कर्मी की पुत्री की नृशंस हत्या की खबर पर प्रतापपुर नगर पंचायत के कॉलेज चौक में शोक सभा का आयोजन कर मृत आत्मा की शांति के लिए मोमबत्ती जलाकर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान नगरवासियों सहित जनपद पंचायत प्रतापपुर के अध्यक्ष जगत लाल आयाम, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संजीव श्रीवास्तव, नवीन जयसवाल, बलवीर यादव, मासूम, विराट सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों ने किशोरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एक सुर में आरोपित को फांसी की सजा देने की मांग की। इस दौरान रामसुख आंडिल्य कमलेश देवांगन, भजन राम, राकेश, अंबिका प्रसाद, नरेश बेक सहित अन्य उपस्थित थे।
परीक्षा देकर लौटी छात्रा से घर में घुसकर दुष्कर्म, खुदकुशी का रूप देने लटकाया फांसी पर भड़के जनाक्रोश को देख पुलिस हुई एलर्ट, आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजी

Leave a reply