samvaad
छत्तीसगढ़

छात्रों को लैपटॉप और टेबलेट वितरित करे सरकार महामहिम राज्यपाल से ऑनलाइन महाविद्यालयीन परीक्षा आयोजित कराने की मांग महाविद्यालयों में अवांछित तत्वों को प्रवेश पर प्रतिबंध की ओर


अंबिकापुर। आजाद सेवा संघ ने संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजन के मौके पर महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की पढ़ाई व परीक्षा ऑनलाइन आयोजित करने की मांग की है। साथ ही छात्रों को लैपटॉप और टेबलेट वितरण करने कहा है। इसके साथ ही कॉलेज परिसर में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध करने की मांग की है। हाल में सूरजपुर जिले के एक कॉलेज की छात्रा को गोली मारकर स्वयं आत्महत्या करने जैसा मामला सामने आया था। इसके पहले भी ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जो सभी वर्ग को शर्मशार करने वाली हैं। इसे देखते हुए कॉलेजों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध की जरूरत संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महसूस की है और इस दिशा में आवश्यक दिशानिर्देश देने का आग्रह किया है।  
आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने ज्ञापन पत्र में उल्लेख किया है कि वैश्विक कोरोना महामारी के कारण आनलाइन कक्षाएं लगी हैं, इसे भी प्राध्यापकों के द्वारा नियमित संचालित नहीं किया गया, जिससे विद्यार्थियों का कोर्स अभी भी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में छात्रहित को देखते हुए तत्काल परीक्षा आयोजित करना उचित कदम नहीं होगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा यह भी ध्यान नहीं दिया गया कि महाविद्यालयों ने अपना पाठ्यक्रम क्यों पूर्ण नहीं किया। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में अक्टूबर-नवंबर तक छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया चलने के कारण उस समय भी ऑफलाइन कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हुई। कहा गया है कि सभी विद्यार्थियों का मत ऑनलाइन शिक्षा-ऑनलाइन परीक्षा है, इसलिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करना उनके हित में होगा। यदि शासन ऑफलाइन परीक्षा आयोजित करना चाहे तो कम से कम दो माह का समय महाविद्यालयों को पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के लिए दिया जाए अन्यथा 30 से 40 प्रतिशत पाठ्यक्रम कम किया जाए। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया है कि ग्रामीण अंचलों से आने वाले छात्र-छात्राओं के पास मोबाइल की सुविधा ना होने के कारण वे ऑनलाइन क्लास नहीं ले पाए हैं। पिछली सरकार के द्वारा सभी विद्यार्थियों को लैपटॉप और टेबलेट वितरित किया गया था ताकि हम डिजिटल पढ़ाई पूरी कर सकें, लेकिन मौजूदा सरकार के द्वारा इस प्रकार की कोई सुविधा मुहैय्या नहीं कराई गई है। इस पर ध्यान देने की जरूरत है। क्योंकि ऑनलाइन पढ़ाई को अगर शासन ने बढ़ावा दिया है तो उसके लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लैपटॉप एवं टेबलेट का वितरण भी जरूरी है। संघ के अनुराग तिवारी ने महाविद्यालय में हो रहे अनैतिक घटनाओं को रोकने व अवांछित तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। इस दौरान गणेश मिश्रा, छात्र मोर्चा के प्रतीक गुप्ता, आनंद पटेल, संगीता उपस्थित थे।

Leave a Reply