संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह 26 मार्च को प्रात: 11:30 बजे से राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में आयोजित है। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल अनुसुईया उइके करेंगी। अतिविशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। दीक्षांत भाषण मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ राष्ट्र भाषा प्रचार समिति के अध्यक्ष गिरीश पंकज देंगे।
राज्यपाल अनुसुईया उइके का दो दिवसीय सरगुजा प्रवास के लिए 25 मार्च को रेलवे स्टेशन अंबिकापुर में आगमन हुआ। रेलवे स्टेशन पर उनकी अगवानी कमिश्नर जीआर चुरेंद्र ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों के द्वारा राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया गया।
राज्यपाल आज राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में आयोजित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह में भित्तिकला हेतु स्व.सुंदरी बाई व जैव विविधता हेतु वृक्षमित्र स्व.ओपी अग्रवाल को मानद उपाधि राज्यपाल प्रदान करेंगी। इस अवसर पर दीक्षांत शोभायात्रा, राष्ट्रगान, कुलगीत गान, दीक्षांत यात्रा प्रस्थान जैसे कार्यक्रम होंगे। इस समारोह की विशिष्ट अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ.शिव कुमार डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत एवं महापौर डॉ.अजय तिर्की होंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल के आगमन के मौके पर पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव, कलेक्टर संजीव कुमार झा, पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले सहित अन्य अधिकारी तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मेरिट व पीएचडी के 238 छात्रों ने कराया पंजीयन-
पहले दीक्षांत समारोह में वर्ष 2010 से 2020 तक के स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के अंतिम वर्ष में मेरिट में आने वाले 360 में से 232 छात्रों ने पंजीयन कराया है। पीएचडी के 76 में से 14 को उपाधि देनी थी, जिसमें से छह ने पंजीयन कराया है। पंजीयन में कमी कहीं न कहीं दीक्षांत समारोह के पूर्व विवि प्रबंधन के द्वारा संपर्क की कमी को इंगित करा रहा है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी। पहले इसका नाम सरगुजा विश्वविद्यालय था। पहला बैच वर्ष 2010 में पास आउट हुआ था।
ड्रेस के लिए कुर्ता-पायजामा व साड़ी निर्धारित-
दीक्षांत समारोह में पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए ड्रेस निर्धारित किया गया है। पुरुष पायजामा-कुर्ता, जैकेट व गमछा तथा महिलाएं कोसे की साड़ी व गमछा के साथ उपस्थित होंगी।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी दीक्षांत समारोह को लेकर उत्साहित है। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावक भी शामिल होंगे। ऑडियोरियम में सीमित स्थान होने के कारण पास में ही पंडाल में बैठक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जहां एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई है।
राज्यपाल ने सुनी संगठनों एवं समाज प्रमुखों की समस्याएं-
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने शुक्रवार सर्किट हाउस में विभिन्न संगठनों एवं समाज प्रमुखों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने उनसे अपनी मांगों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने महंगाई भत्ता, सातवें वेतनमान का बकाया भुगतान, नियमितीकरण, पदोन्नति आदि के मुद्दे पर राज्यपाल से चर्चा की। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के संभागीय अध्यक्ष मनीष साहू ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। उनकी प्रमुख मांगों में केंद्र के समान आरक्षण, वनाधिकार पत्र, मंडल कमीशन की अनुशंसाओं को लागू करने, सरगुजा संभाग के अन्य जिले सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज में लोक सेवा आयोग का परीक्षा केंद्र खोलना शामिल रहा।
खदान खोलें ताकि मिले रोजगार-
परसा केते में कोल ब्लॉक खोलने के लिए ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने नौकरी और रोजगार के साथ स्वयं के जीवन को सुचारू रूप से चलाने के लिए खदान को जल्द से जल्द खोलने की मांग की। सरगुजा संभाग के गोंड़ समाज विकास समिति के सदस्यों ने गोंड समाज के लिए भूमि आबंटन तथा भवन निर्माण के लिए राशि की मांग की। इसके साथ ही 170-ख के प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने, जनजाति सलाहकार परिषद से सलाह लेकर पेसा कानून लागू करने, एसटी एवं एससी थानों में गैर आदिवासी की पदस्थापना प्रतिबंधित करने, गैर आदिवासियों द्वारा फर्जी आदिवासी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी प्राप्त करने पर प्रतिबंध, विभागीय पदोन्नति में जनजाति लोगों को लाभ देने की मांग की। चर्चा के दौरान राज्यपाल ने कलेक्टर, एसपी से जानकारी लेकर जिला स्तर पर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
दीक्षांत समारोह में शामिल होने राज्यपाल अनुसुइया उइके पहुंची अंबिकापुर, रेलवे स्टेशन में आत्मीय स्वागत विवि की स्थापना के 14 वर्षों में प्रथम दीक्षांत समारोह आज

Leave a reply