राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह जिला अस्पताल अंबिकापुर को इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेब्रोटरी हेतु प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत अधोसंरचना मिशन के तहत 1.25 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसके तहत डायग्नोस्टिक लैब हेतु जरूरी अधोसंरचना के कार्य, रेनोवेशन, अस्पताल परिसर में आवश्यकतानुसार लैब हेतु नवीन निर्माण अथवा उपकरण की खरीदी इस मद से की जा सकती है। पिछले काफी समय से हमर लैब की स्थापना को लेकर यहां पर कार्य किया जा रहा था, इस राशि से यह लैब काफी अच्छा बन सकेगा। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत अधोसंरचना मिशन के तहत वर्ष 2021-22 हेतु तीन मेडिकल कॉलेजों के चयन किया गया है, जिसमें रायपुर, बस्तर एवं सरगुजा को सम्मिलित करते हुए कुल 3.75 करोड़ की स्वीकृति दी है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने इसके लिए पहल की थी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों में लेबोरेट्री की सुविधा की मांग की थी, जिसके लिए स्वीकृति मिल गई है। इस राशि के मिलने से सरगुजा में मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में प्रस्तावित वृहद साधन-सुविधा से संपन्न हमर लैब की स्थापना हो जाएगी, जिससे सरगुजा जिला ही नहीं बल्कि सरगुजा संभाग के लोगों को सभी प्रकार के खून जांच सहित विभिन्न प्रकार की डायग्नोस्टिक सुविधा मिलेगी।
