अंबिकापुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में नवा बिहान नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सरगुजा जिले में नशे के कारोबारियों एवं उससे जुड़े लोगों की पहचान करके लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसमें कई सफलताएं भी पुलिस को मिली है। नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ, सरगुजा जिले के निवासियों को नशे से दूर रखने हेतु प्रेरित किया जा रहा है, जिसके तहत स्कूल-कॉलेजो के साथ ऐसे जगहों की पहचान करी जा रही है, जहां नशा बहुतायत होता है, वहां बैठकें ली जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को जन जागरूकता के तहत थाना बतौली के ग्राम चिरगा में नवा बिहान कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं एसडीओपी सीतापुर चंद्रकांत गवरना के नेतृत्व में किया गया, जिसमें गायत्री परिवार एवं ब्रह्माकुमारीज परिवार की ओर से सहभागिता निभाते हुए जो लोग नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं उनको आध्यात्मिकता से बाहर कैसे निकाला जाए इस संबंध में बताया गया। नवा बिहान नशा मुक्ति अभियान लगातार शहर एवं ग्रामीण अंचलों में चलाया जा रहा है। आज के इस कार्यक्रम में ग्राम चिरगा से 500 से अधिक ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर गायत्री परिवार से भाई हरिप्रसाद तथा अरविंद गोयल, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी की बहन बीडीसी लीलावती पैकरा, ग्राम सरपंच पुष्पा पैकरा के साथ ही विशेष रुप से रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको, थाना प्रभारी बतौली आरपी साहू तथा अन्य थाना स्टाफ उपस्थित थे।
Leave a reply
