अंबिकापुर। शहर के हृदयस्थल स्वामी विवकानंद चौक में स्थित अनन्या होटल में चोरी की घटना को अंजाम देते एक चोर की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई है। चोर ने अपना चेहरा गमछे से बांध रखा है इसलिए उसकी स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है, लेकिन कद-काठी के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश में पुलिस है। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। पूरी ताकत झोंक देने के बाद भी पुलिस को चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों का सुराग नहीं मिल पा रहा है।
घड़ी चौक में स्थित होटल में चोरी का पता मंगलवार की सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर चला था। होटल के काउंटर के दोनों दराज खुले हुए थे, उसमें रखा नकदी गायब था। काउंटर के ठीक ऊपर और होटल में लगे दो सीसीटीवी कैमरे को चोर ने मोड़ दिया था ताकि उसकी तस्वीर कैमरे में न कैद हो जाए। इसके बावजूद सीसीटीवी कैमरे में चेहरे पर गमछा बांधे चोर की तस्वीर नजर आ रही है। होटल में घुसने के लिए चोर ने होटल के ठीक पीछे स्थित राजीव भवन और जिला ग्रंथालय के हिस्से का उपयोग किया। पीछे की ओर निर्माण कार्य चलने के कारण सीढ़ीनुमा कुछ सामान भी वहां रखा है, उसका उपयोग कर होटल तक पहुंचे चोर ने दरवाजे को खोलने के लिए लोहे के होलफास को क्षतिग्रस्त किया है। जांच में पता चला कि पीछे के दरवाजे से घुसने के बाद चोर सीधे होटल में घुसा और काउंटर तक आने के बाद पहले नकदी पर हाथ साफ किया। घड़ी चौक में हुई चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। होटल शहर के प्रमुख चौराहे पर है, जहां पुलिस की फिक्स प्वाइंट ड्यूटी रहती है। चंद फासले पर यातायात पुलिस 24 घंटे मौजूद रहती है। इसके बाद भी शहर के नामचीन स्थलों पर चोरी की घटनाएं निरंतर हो रही हैं। चोर पुलिस के समक्ष खुली चुनौती पेश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस को एक भी मामले का पर्दाफास करने में सफलता नहीं मिल रही है।
Leave a reply
