samvaad
छत्तीसगढ़

स्कार्पियो पलटने से दुल्हन की रिश्ते में भाभी की मौत, 11 घायल शोक की घड़ी में दोनों पक्षों की रजामंदी से मांगलिक कार्यक्रम हुआ स्थगित


कुसमी। शादी का रिश्ता तय होने के बाद दूल्हे के घर सामाजिक परंपरा का निर्वहन करने जा रहे लड़की पक्ष के घराती-बाराती से भरी स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दुल्हन की भाभी की मौत हो गई, अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में मौत ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। इसकी जानकारी दुल्हा पक्ष को मिली और दोनों पक्ष के परिवारों ने कुछ दिनों के लिए मांगलिक कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। स्कार्पियो में लगभग 12 लोग सवार थे।  
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर के माड़ीपारा की एक युवती का ग्राम कंचनटोली निवासी लवकुमार के साथ रिश्ता तय हुआ है। दोनों पक्ष विवाह की तैयारियों में लगे थे। बुधवार की रात को सभी तैयारियां पूरी होने के बाद सामाजिक परंपरा के अनुसार वधु पक्ष के लोग वर पक्ष के गृह ग्राम कंचनटोली जाने निकले थे। सभी बाराती वाहनों के आगे निकलने के बाद अंत में स्कार्पियो वाहन क्रमांक जेएच 01 सीवी 7996 में वधु के स्वजन व बाराती देर रात कंचनटोली जाने के लिए रवाना हुए, इसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे। गांव की सीमा पार करने से पहले ही वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जिससे कोहराम की स्थिति बन गई। सभी घायलों को कुसमी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, यहां गंभीर रूप से घायल दुल्हन की रिश्ते में भाभी धनमनिया कुजूर पति दीपक कुजूर 40 वर्ष की मौत हो गई। स्कॉर्पियो में सवार शिवाक्षी कुजूर, आशीष कुजूर, संदीप, मनीषा, दुर्गेश, गणेश, मुनेश्वर, प्रमिला, मानती समेत 11 लोग घायल हो गए। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों पक्षों ने शोक की इस घड़ी में विवाह कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। गुरुवार को कुसमी पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन कुसमी निवासी सुमन पैकरा की बताई जा रही है। वाहन चालक के विरूद्ध धारा 279, 337, 304-ए के तहत जुर्म दर्ज किया है।

Leave a Reply