अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम नावापारा पुलिया के पास नौ मार्च की दोपहर अज्ञात व्यक्ति खुद को दरिमा थाने का पुलिस कर्मी बताकर बाइक का कागजात मांगा। इस दौरान उसकी नजर युवक के जेब से रखे रुपये पर पड़ी और वह 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। पीडि़त ने इसकी रिपोर्ट दरिमा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविंद्र एक्का दरिमा थाना क्षेत्र के पोडि़पा उरांव पारा का रहने वाला है। वह नौ मार्च को बाइक से अपने रिश्तेदार के घर जमगवां पैसा लेने गया था, वहां से 15 हजार रुपये लेकर बाइक से चिरंगा जा रहा था। रास्ते में नवापारा पुलिया के पास जैसे ही पहुंचा, बाइक सवार अज्ञात व्यक्ति ने रविन्द्र की बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ा दी। वह खुद को दरिमा पुलिस थाने का बताया और उसे डराते हुए कहा कि बाइक चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हंै, अपनी बाइक का कागजात दिखाओ। इस दौरान पुलिसकर्मी ने युवक के जेब से 15 हजार रुपये निकाल लिए और उसे अपना मोबाइल नंबर देने व दरिमा थाने में चलने के लिए कहा। युवक ने जब रुपये देने के लिए कहा तो उसने थाने में हिसाब करके साहब तुम्हारा पैसा वापस देंगे कहा। इसके बाद खुद को पुलिस कर्मी बताने वाला युवक आगे-आगे चलने लगा, पीछे से पीडि़त युवक जा रहा था। कुछ दूर जाने के बाद कथित पुलिस कर्मी बाइक की गति तेज कर फरार हो गया। पीडि़त जब दरिमा थाने पहुंचा तो पता चला कि यहां कोई ऐसा पुलिस कर्मी नहीं गया है। पीडि़त की रिपोर्ट पर दरिमा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऐसी ही एक घटना इसके पहले अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई थी, जिसमें रेड सिग्रल पार करने का आरोप लगा अज्ञात व्यक्ति खुद को गांधीनगर थाने का पुलिस कर्मी बता मोटरसाइकिल सवार शंकरगढ़ थाना क्षेत्र निवासी एक युवक का मोबाइल लेकर गायब हो गया और तीन हजार रुपये देने के बाद मोबाइल ले जाने के लिए कहा था। इसकी जानकारी पीडि़त ने कोतवाली पुलिस को दी है लेकिन आए दिन फोन करके युवक से रुपये की मांग करने वाले कथित पुलिस कर्मी का पता नहीं चल पाया है।
Leave a reply
