samvaad
छत्तीसगढ़

सर्राफा दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे व्यक्ति ने की दिनदहाड़े चोरी एएसपी को ज्ञापन सौंप सर्राफा संघ ने की आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग


बलरामपुर। जिला मुख्यालय में मुख्य मार्ग पर स्थित सर्राफा दुकान में दिन-दहाड़े चोरी के मामले में सर्राफा व्यवसाई संघ ने बलरामपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने अज्ञात चोरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सर्राफा व्यवसाई संघ ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि मां शारदा ज्वेलर्स में दिन-दहाड़े अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और बातों ही बातों में दुकान संचालक का ध्यान भटका सोने का जेवर लेकर दुकान से निकल लिया। ज्वेलरी दुकान के संचालक ने बताया कि वह ग्राहक बनकर दुकान में आए व्यक्ति का साथी एक व्यक्ति बाइक में बाहर इंतजार कर रहा था। जेवर हाथ में लगते ही उक्त व्यक्ति बाइक में बैठकर वहां से चले गया। सोने का जेवर गायब देख व्यवसायी ने अपने स्तर पर आरोपित की पतासाजी का प्रयास किया। इसकी जानकारी सर्राफा संघ को मिलने पर उन्होंने एकजुट होकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और बलरामपुर जिले में हो रही इस प्रकार की घटना पर विराम लगे, इसके लिए कार्रवाई की मांग की है। व्यवसायियों ने बताया कि इसके नौ फरवरी 2022 को शंकरगढ़ के कनक ज्वेलर्स इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपितों के द्वारा नौ मार्च को भी एक घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई थी लेकिन असफल होने पर अज्ञात व्यक्ति एटीएम से पैसा निकालने का बहाना बनाकर भाग गए। जिले में हो रही इस प्रकार की घटनाओं ने सर्राफा व्यवसायियों को चिंतित कर दिया है। ऐसे अपराधिक मानसिकता वालों को गिरफ्तार करने की मांग सर्राफा संघ ने की है।

Leave a Reply