samvaad
छत्तीसगढ़

शासकीय आवास में सो रहे थे एसडीएम, इधर चोरों ने पार किया राशन


कुसमी। शासकीय आवास में गुरुवार की रात एसडीएम सो रहे थे। आधी रात किचन की खिड़की से घुसे चोर ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया और इत्मीनान से घर को खंगाला। रुपये नहीं मिले तो वह चावल, दाल, तेल समेत अन्य सामान लेकर भाग निकला। सुबह जब एसडीएम  की नींद खुली तो दरवाजा बंद पाकर उन्होंने ड्राइवर को बुलाया फिर दरवाजे को तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। वारदात के 2-3 घंटे बाद ही नाबालिग चोर पकड़ा गया।  
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी एसडीएम अजय किशोर लकड़ा का कुसमी स्वास्थ्य केंद्र के सामने शासकीय आवास है। गुरुवार को कार्यालय से लौटने के बाद वे अपने आवास में पहुंचे। रात करीब 11.30 बजे वे सोने चले गए। इस दौरान न तो गार्ड था और न ही उनका वाहन चालक। दोनों अलग-अलग जगह सो रहे थे। सुबह जब एसडीएम की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर सत्यप्रकाश पैकरा को फोन किया तो वह पहुंचा, उसने बाहर का दरवाजा तोड़कर भीतर के कमरे से एसडीएम को बाहर निकाला।
बिखरा हुआ था सारा सामान-
एसडीएम जब कमरे से बाहर निकले तो अन्य कमरों का सामान बिखरा था। किचन में जाकर देखा तो खिड़की के दो रॉड निकले हुए थे। आवास से एक बोरी जीराफूल चावल, दाल, तेल समेत अन्य किराना सामान गायब थे। चोर ने रुपये खोजने की भी कोशिश की लेकिन नहीं मिलने पर वह राशन सामान ही लेकर भाग निकला। कुसमी के ही एक नाबालिग को पड़ोसियों ने घर में राशन का सामान लाते देखा तो उन्हें शक हुआ। वे उससे पूछताछ करने लगे तो गोलमोल जवाब देने लगा। यह बात जब एसडीएम के ड्राइवर को पता चली तो उसने बताया कि एसडीएम के आवास से ये चीजें चोरी हुई हैं। जब नाबालिग के घर की तलाशी ली गई तो सारा सामान बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची कुसमी पुलिस ने नाबालिग चोर को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की है।

Leave a Reply