samvaad
छत्तीसगढ़

हार्डवेयर के कारोबारी ने मासूम पुत्र-पुत्री को जहरीला पदार्थ खिला कर ली खुदकुशी व्यवसायी व आठ वर्षीय बच्ची की मौत, पुत्र का चल रहा उपचार पत्नी व साली को बाजार भेजने के बाद दिया वारदात को अंजाम


अंबिकापुर। कोई पिता अपनी संतान को जहर देकर फांसी लगा खुदकुशी कर सकता है, यह सुनने में अटपटा जरूर लगता है लेकिन ऐसा मामला शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधनपुर में स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी में सामने आया है। हार्डवेयर का कारोबार करने वाले सुदीप ट्रेडर्स के संचालक सुदीप मिश्रा ने रविवार की रात अपनी आठ साल की पुत्री व डेढ़ साल के पुत्र को किसी खाद्य पदार्थ में जहर मिलाकर खिलाया और उन्हें जमीन पर एक गद्दे में सुलाने के बाद सीढ़ी के सहारे कमरे के छत में लगे लोहे के हुक में नायलोन की रस्सी का फंदा बना खुद फांसी लगा खुदकुशी कर लिया। इसके पहले व्यवसायी ने अपनी पत्नी और साली को बाजार भेज दिया था। बच्चों को यह कहते हुए घर में ही छोड़ देने कहा कि भीड़भाड़ में कहां बच्चों को लेकर जाओगे। बाजार से व्यवसायी की पत्नी और साली लौटे तो प्रथम तल में स्थित कमरा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर न तो बच्चों ने कोई प्रतिक्रिया दी और न ही व्यवसायी ने। इसके बाद पास-पड़ोस के लोगों की मदद से दरवाजे को तोड़ा गया तो फांसी में लटके पति और जमीन में बेसुध सोए बच्चों को देख उनके होश उड़ गए। तीनों को अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टरों ने व्यवसायी व उसकी पुत्री को मृत घोषित कर दिया, पुत्र का उपचार चल रहा है। घटना की खबर मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला सहित गांधीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को शयनकक्ष में हस्तलिखित छह पन्ने का सुसाइड नोट मिला है।
शहर के गोधनपुर स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी में सुदीप मिश्रा पिता डीके मिश्रा 40 वर्ष अपनी पत्नी के अलावा आठ वर्षीय पुत्री सृष्टि व डेढ़ वर्षीय पुत्र कृष्य के साथ रहता था। गोधनपुर में पानी टंकी के पास उनकी सुदीप ट्रेडर्स नामक सीमेंट व हार्डवयेर की दुकान है। रविवार की रात करीब 7.30 बजे दुकान से घर लौटने के बाद व्यवसायी ने अपनी पत्नी व साली से मार्केटिंग करके आने कहा। दोनों बाजार चले गए तो व्यवसायी ने पुत्र व पुत्री को किसी खाद्य पदार्थ में विषैला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद खुद भी फांसी में लटक गया। बाजार से वापस पत्नी व साली ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब मिला। दरवाजा तोडऩे पर अंदर का नजारा देखकर सभी का दिल दहल गया। दोनों बच्चे हॉल में ही फर्श पर पड़े गद्दे में बेसुध पड़े थे। डेढ़ वर्ष का मासूम छटपटा रहा था। सोमवार की सुबह हंसमुख व मिलनसार युवा व्यवसायी के द्वारा उठाए गए इस कदम की जानकारी कॉलोनी के लोगों व परिचितों को मिली तो लोगों का हुजूम जमा हो गया। रविवार को रोजाना की तरह दुकान का संचालन करने के बाद सुदीप घर लौटा था। दिनभर में जिन लोगों से उनकी मुलाकात हुई थी, दुकान में उठना-बैठना हुआ था वे इस खबर से व्यथित थे। मृतक जिस घर में रहता था, वहां उसकी सास भी रहती है। बताया जा रहा है कि व्यवसायी के पिता अपनी पुत्री के पास गए थे वहीं मां कटनी में रहती है।
मामले में पुलिस ने सामने लाए ये तथ्य-  
वसुंधरा विहार कॉलोनी निवासी सुदीप मिश्रा के द्वारा की गई खुदकुशी के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। कमरे की तलाशी के दौरान मिले छह पन्ने के सुसाइड नोट का अवलोकन करने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि सुदीप मिश्रा व उनकी आठ वर्षीय पुत्री सृष्टि मिश्रा की मौत हो गई है। पुत्र कृष्य मिश्रा अभी अस्पताल में भर्ती है। एएसपी ने बताया कि सुदीप ने लिखा है कि उसका हार्डवेयर का दुकान था, जिसमें आवक इतनी नहीं थी कि वह अतिरिक्त घर बना सके, जबकि उसकी पत्नी लगातार मकान बनाने के लिए उससे एक साल से विवाद करते आ रही थी। मकान बनाने के लिए उसने अपनी मां से कुछ पैसा लिया परंतु वह रकम पर्याप्त नहीं थी। उसने पैसों का इंतजाम कहां से हो यह कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
ऑनलाइन गैंबलिंग में लाखों गंवाया-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि व्यवसायी ऑनलाइन गैंबलिंग भी शुरू कर दिया था, जिसमें वह लाखों रुपये हार गया। मोबाइल का परीक्षण करने पर व्यवसायी के मोबाइल में तीन पत्ती गोल्ड ऑनलाइन गेम डाउनलोड होना पाया गया, जिसमें विगत 15 दिनों में ही दो लाख रुपये के लगभग हारना प्रदर्शित हो रहा है। मोबाइल में पूर्व का रिकॉर्ड भी पुलिस खंगाल रही है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के द्वारा तीन पत्ती डॉट कॉम को भी विधिक नोटिस जारी किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, मर्ग जांच की कार्रवाई थाना गांधीनगर में शुरू हो चुकी है।

Leave a Reply