अंबिकापुर। सत्तीपारा निवासी एक युवक ने जानलेवा हमला कर मोबाइल और 10 हजार रुपये लूट के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए इसकी लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक सरगुजा से की है। शिकायत के बाद पुलिस ने युवक को थाने बुलाया और जिन आरोपितों का फोटो युवक ने पुलिस को पूर्व में उपलब्ध कराया था, उनका नाम, पता बताने के लिए कहा। मामले में पुलिस ने लूट का मामला तक पंजीबद्ध करना उचित नहीं समझा।
जानकारी के मुताबिक सत्तीपारा निवासी अभिषेक कश्यप के साथ बीते 14 फरवरी को लूट की घटना को नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों ने दादी रानी सती मंदिर परिसर में अंजाम दिया था। युवक रात को लगभग 10 बजे रायपुर जाने के लिए निकला था, इसी दौरान दादी रानी सती मंदिर के पास पीछे से पहुंचे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने सिर में वजनी चीज से प्रहार कर दिया था। चिल्लाने पर आरोपित उसके हाथ पैर को पकड़ कर जेब से मोबाइल और दस हजार रुपये निकाल भाग निकले थे। इस बीच कुछ लोग पहुंचे लेकिन तब तक आरोपित भाग निकले थे। घायल युवक को डायल 112 की टीम ने राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल भेजा था। स्वास्थ्य सही होने पर कुछ आरोपितों को पहचाना और उनका फोटो लाकर कोतवाली पुलिस को दिया था। आरोप है कि पुलिस ने इन युवकों की पहचान करना तो दूर अभी तक घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी को खंगालना उचित नहीं समझा। उक्त क्षेत्र में पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से ये आमजनों के लिए खतरा बने हुए हैं।
Leave a reply
