samvaad
छत्तीसगढ़

मां ने नहीं दिए रुपये तो कलयुगी पुत्र ने बिस्तर से मुंह दबाकर कर दी हत्या 0 ग्राम सरहरी की वारदात, हत्यारा गिरफ्तार

*सूरजपुर। एक कलयुगी पुत्र ने  अपनी मां की मारपीट करते हुए बिस्तर से मुंह दबाकर इसलिए हत्या कर दी कि मां ने उसे उसके द्वारा मांगे गए रुपये देने से इंकार कर दिया था। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। घटना दो दिन पूर्व जिले के ग्राम सरहरी में हुई है। घटना के संदर्भ में बताया गया है कि 3 मार्च को बाबापारा निवासी जीवधन जायसवाल ने थाना प्रतापपुर में सूचना दिया कि ग्राम सरहरी की 55 वर्षीय सुखमनिया पति स्व. रामसूरत का शव संदिग्ध अवस्था में उसके घर के पलंग में पड़ा हुआ है। सूचना पर शव पंचनामा बाद मर्ग कायम किया गया। मर्ग जांच के दौरान डॉक्टर के द्वारा पीएम रिपोर्ट में मृतिका की मृत्यु का कारण हत्यात्मक होना लेख किए जाने पर अज्ञात व्यक्ति के विरूद्व धारा 302  का मामला पंजीबद्व किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी को घटना से जुड़े सभी बिन्दुओं पर बारीकी से जांच करते हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में  प्रतापपुर की पुलिस अज्ञात आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी। इसी बीच जानकारी मिली कि मृतिका का लड़का राजेश बछोर को घटना से पूर्व सुखमनिया के साथ देखा गया था तथा च्वाईस सेंटर के पास पैसे की बात पर झगड़ा करने की जानकारी मिली। जिसके बाद संदेही राजेश को पकड़ा गया। जिससे पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि मॉ से पैसा मांगने पर नहीं देने की बात पर गुस्सा होकर अपनी मॉ को हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए पलंग में पटक कर चेहरा को बिस्तर में दबा कर श्वास अवरूद्ध करते हुए हत्या कर दिया। मामले में आरोपी राजेश बंछोर उम्र 26 वर्ष निवासी अमनदोन को  गिरफ्तार किया गया है। इस कार्यवाही में एसआई नवल किशोर दुबे, एएसआई बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक भागवत एक्का, रामाधीन श्यामले, आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, कौशलेन्द्र सिंह व निरंजन एक्का सक्रिय रहे।

Leave a Reply