अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत आधा दर्जन से अधिक युवकों ने होटल संचालक व उसके कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई की, सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन आरोपित अपनी हरकत से बाज नहीं आए, पुलिस स्थिति देख मूकदर्शक बने रही। होटल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चीताबहार निवासी गुलशन दास करजी चौक पर बीते दो माह से होटल का संचालन कर रहा है। इसका कहना है कि महेश सोनी का होटल उसके ठीक बगल में संचालित होता है। बगल में होटल खोलने की वजह से महेश नाराज था। इस बात को लेकर उनमें अक्सर विवाद की स्थिति बनती आ रही थी। गुलशन दास का आरोप है कि महेश सोनी आधा दर्जन से अधिक युवकों के साथ शुक्रवार की रात उसके होटल में पहुंचा और होटल में घुसकर उसके साथ व कर्मचारियों के साथ मारपीट करने लगा। आरोपितों ने होटल के सामान को भी तोड़-फोड़ किया है। होटल के पास खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इधर विवाद की सूचना मिलने पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। पुलिस के सामने भी आरोपितों ने होटल संचालक और कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई की। घटना में कई लोगों को गंभीर चोट आइ र्हैं। शनिवार की सुबह होटल संचालक के साथ गांव के सैकड़ों लोग मामले की शिकायत करने दरिमा थाना पहुंचे। शिकायत पर पुलिस ने महेश सोनी सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave a reply
