अंबिकापुर। जनजातीय कार्य मंत्रालय की केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव की अध्यक्षता में गुरुवार को सरगुजा डाक संभाग का उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। पुराना बस स्टैंड के समीप स्थित प्रधान डाकघर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों के द्वारा उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर प्रदेश के सातवें डाक संभाग के रूप में सरगुजा डाक संभाग का उद्घाटन किया गया। सरगुजा डाक संभाग अंतर्गत सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया एवं बलरामपुर-रामानुजगंज जिले शामिल हैं। संभाग अंतर्गत एक प्रधान डाक घर, 35 उप डाक घर तथा 305 शाखा डाक घर संचालित होंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि सरगुजा डाक संभाग का अस्तित्व में आना हम सबके लिए खुशी की बात है। नया डाक संभाग बनने से संभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा आम जनों को सहूलियत होगी। उन्होंने कहा इससे पहले रायगढ़ डाक संभाग होने के कारण लोगों को लंबी दूरी तय कर रायगढ़ जाना पड़ता था, जिससे समय व धन दोनों ज्यादा लगता था। अब सरगुजा डाक संभाग संचालित होना शुरू हो गया है। यह डाक संभाग आने वाले समय में प्रदेश का सबसे अच्छा संभाग बनेगा और लोगों को अधिकाधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि डाक विभाग हर आदमी के करीब है और सर्वश्रेष्ठ सुविधा देने का प्रयास करता है। कोरोना काल में डाक विभाग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अस्पतालों में दवाई, उपकरण से लेकर लोगों के घर-घर पैसा पहुंचाने का काम इस विभाग ने किया है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा संभाग में विकास के कार्य लगातार विस्तारित हो रहे हैं। इसी कड़ी में मां महामाया एयरपोर्ट से शीघ्र हवाई सेवा शुरू होगी और हम सब हवाई यात्रा कर बड़े शहरों में कम समय में पहुंच सकेंगे। उन्होंने मंत्री प्रतिनिधि एवं पार्षद द्वितेंद्र मिश्रा के आग्रह पर अंबिकापुर-जबलपुर ट्रेन में स्लीपर कोच लगवाने के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। महापौर डॉ.अजय तिर्की ने नए डॉक संभाग बनने पर बधाई देते हुए कहा कि अब लोगों को स्थानीय पोस्ट आफिस से और बेहतर सुविधा मिल पाएगी। शासन की योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन होगा। कार्यक्रम में पार्षद आलोक दुबे, छतीसगढ़ डाक परिमंडल के पोस्ट मास्टर जनरल रामचंद्र जायभाय, डाक अधीक्षक डीडी मुर्मु सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
सरगुजा के डाक संभाग बनने से लोगों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं-रेणुका सिंह प्रदेश के सातवें डाक संभाग का उद्घाटन, संभाग से एक प्रधान डाक घर, 35 उप डाक घर तथा 305 शाखा डाक घर संचालित होंगे

Leave a reply