samvaad
छत्तीसगढ़

किसान की मौत के बाद सौ क्विंटल धान की खरीदी पर भाजपा नेता ने उठाए सवाल


अंबिकापुर। किसान की मौत के बाद धान खरीदी व मृत किसान के खाते से रुपये निकालने की शिकायत भाजपा के जिला मंत्री ने सीतापुर अनुविभाग के एसडीएम से कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि मृत किसान के नाम पर धान खरीदी कर फर्जीवाड़ा किया गया है।
शिकायत के अनुसार मृत किसान के नाम से खरीदी केंद्र के प्रभारी ने पहले तो 100 क्विंटल धान की खरीदी की और बैंक से मिलीभगत कर मृत किसान के खाते से रुपये भी निकाल लिए। भाजपा नेता रोशन गुप्ता का कहना है कि ग्राम भवराड़ांड़ निवासी 77 वर्षीय मतवार पिता भकुर्रा के नाम पर 30 दिसम्बर 2021 को 50 क्विंटल धान बेचा गया था। उसके अगले दिन 31 दिसंबर को उसकी अचानक तबियत बिगड़ी और स्वजन उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। स्वजन उसका रीति-रिवाज के अनुसार चार जनवरी को तीज नहान किए, उसी दिन मृत किसान के नाम पर खऱीदी केंद्र प्रभारी द्वारा 100 क्विंटल धान की खरीदी की गई। भाजपा नेता ने एसडीएम सीतापुर विवेक अनमोल टोप्पो से मृत व्यक्ति के नाम पर धान की खरीदी कैसे हुई इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
आरोप निराधार-
सीतापुर धान खरीदी केंद के प्रभारी श्रीकांत गुप्ता ने सभी आरोपों को एक सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने लगाए गए आरोप को निराधार बताते हुए कहा है कि किसान के नाम पर टोकन उसके जीवित तिथि तक जारी हो गया था इसलिए उनके द्वारा धान की खरीदी की गई है।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई-एसडीएम
भाजपा नेता द्वारा की गई शिकायत पर एसडीएम विवेक अनमोल टोप्पो ने जांच और खरीदी में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply