samvaad
छत्तीसगढ़

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में हुई हर-हर महादेव की अनुगूंज कोरोनाकाल के बीच मंदिरों के पट हो गए थे बंद, इस बार भक्तों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह


अंबिकापुर। महाशिवरात्रि का पर्व अंबिकापुर पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। शिवालय हर-हर महादेव, बोल-बम की जयकारों से पूरे दिन गूंजता रहा। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक व दूध, घी, शहद, बेलपत्र से अभिषेक पूजा अर्चना की। जगह-जगह भंडारा सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें श्रद्घालुओं ने भक्तिभाव से हिस्सा लिया। इसके पहले कोरोना काल की लहर के बीच मंदिरों का पट बंद होने के कारण शिव भक्तों ने मंदिर के दरवाजे के बाहर लगाए गए पाइप के सहारे जल, दुग्धाभिषेक करके श्रद्धा अर्पण किया था। इस बार शंकरघाट स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों व देवालयों में काफी संख्या में भक्तगण पहुंचे। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने भी महाशिवरात्रि के मौके पर पूजा-अर्चना कर लोगों के सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
नगर के शंकरघाट स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के मौके पर मेले जैसा माहौल था, यहां अलसुबह से ही भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। कतार में लगकर भक्त हर-हर महादेव, बम-बम भोले की अनुगूंज कर रहे थे। महिलाओं की भीड़ ऐसी थी कि शंकरघाट की सीढ़ी तक में पैर रखने की जगह नहीं थी। नगर के पुलिस लाइन स्थित शिव-गौरी मंदिर, स्टेडियम कांप्लेक्स से लगे निगम के शिव शक्ति मंदिर, शिव मंदिर बौरीपारा, नवापारा के महाकालेश्वर मंदिर एवं मायापुर, चांदनी चौक, खैरबार रोड, गांधीनगर, फुंदुरडिहारी, नमनाकला, जोड़ा पीपल, दर्रीपारा, केदारपुर, सिंचाई कॉलोनी सहित शहर के अधिकांश मोहल्लों के छोटे-बड़े शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्घालु़ उमड़ रहे थे। सभी स्थानों पर मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान कर रहे थे। महाशिवरात्रि के अवसर पर जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया शिवालयों में भजन-कीर्तन तथा भोलेनाथ की भक्ति गीतों से माहौल उत्सवपूर्ण बना था।
शंकरघाट में मेले जैसा माहौल-
नगर के शंकर घाट में महाशिवरात्रि पर हर वर्ष बढ़ रही श्रद्घालुओं की भीड़ से मेले जैसा माहौल बना हुआ था। प्रशासन द्वारा शंकरघाट में मेला आयोजन के लिए कोई सुविधा नहीं देने के बाद भी महाशिवरात्रि पर मेले जैसा वातावरण बना रहा। कोरोना संक्रमण काल के बाद इस बार श्रद्घालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर के आसपास लोगों ने खाने-पीने की सामग्री सहित गन्ना रस व विभिन्न सामानों, खिलौने की दुकानें लगाई थी। यहां शौंडिक समाज की ओर से भंडारा का भी आयोजन किया गया था, जिसमें प्रसाद ग्रहण करने हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
व्यवस्था बनाने झोंकी ताकत-
फोटो-14  
महाशिवरात्रि पर्व पर शहर में बढ़ी हलचल के साथ शिवालयों में उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर के मंदिरों में पुलिसकर्मी तैनात रहे। स्वयं पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले सहित अन्य पुलिस अधिकारी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। रामानुजगंज रोड में शहर सीमा पर मुख्य सड़क के किनारे शंकरघाट शिव मंदिर होने के कारण श्रद्घालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस को ताकत झोंकनी पड़ रही थी। इस मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन अनवरत जारी रहने से पुलिस व यातायात पुलिस के जवान व्यवस्था बनाने में लगे थे। पूरे दिन शहर में चौकसी के लिए चौक-चौराहों में भी पुलिस तैनात रही।
सांड़बार में भी उमड़े भक्त-
वर्ष 2012 में भिट्टीकला निवासी व्यवसायी अमरचंद अग्रवाल द्वारा निर्मित जय बाबा बनेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि के मौके पर विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए। मां वनेश्वरी देवी से लगे इस मंदिर में संपूर्ण शिव परिवार की आकर्षक मूर्तियां स्थापित की गई हैं। महाशिवरात्रि पर्व पर यहां भंडारा का आयोजन भी किया गया था। महिला-पुरूषों की टोलियां भजन-कीर्तन में लगी थी। महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है।

Leave a Reply