अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के करौंधा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कंचनटोली-कर्राडार के बीच घरजमाई बनकर रह रहे एक युवक की सड़क किनारे कई टुकड़ों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक शुक्रवार की रात घर से ससुराल जाने निकला था लेकिन घर तक नहीं पहुंचने से स्वजन चिंतित हो उठे। पत्नी समेत अन्य स्वजन दो दिन तक उसे खोजते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच रविवार को सड़क के किनारे टुकड़ों में बंटी एक लाश मिली। किसी ने नृशंस तरीके से हत्या के बाद टुकड़ों में बंटे शव को जलाने की भी प्रयास किया था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने विवेचना के दौरान हत्या कहीं और करके शव को लावारिस हाल में फेंक देने की आशंका जताई है। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपितों की खोजबीन शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के करौंधा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कंचनटोली व कर्राडार के बीच स्थित सड़क किनारे एक युवक की रविवार को टुकड़ों में लाश मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्ती का प्रयास किया लेकिन तत्समय उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। दूसरे दिन शव की पहचान ग्राम भवानीपुर निवासी कमिल साय मुंडा पिता जगसाय 28 वर्ष के रूप में उसके स्वजनों ने की। युवक अपने एक रिश्तेदार अर्जुन की बेटी की शादी से संबंधित कार्यक्रम में 25 फरवरी को गांव में ही शामिल हुआ था, वहां से वह अपनी मां को यह कहकर निकला था कि वह अपने ससुराल गांव जा रहा है लेकिन दो दिन तक वहां नहीं पहुंचा। पुलिस ने शव शिनाख्ती के बाद अज्ञात के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपित की पतासाजी के लिए पुलिस जांच-विवेचना में जुटी है।
खोजबीन के दौरान हत्या का पर्दाफास-
पुलिस ने बताया कि ग्राम भवानीपुर निवासी कमिलसाय मुंडा 28 वर्ष की शादी ग्राम पंचायत लरिमा के बरवाटोली निवासी पहलू राम की पुत्री से हुआ था, उसके 3 बच्चे हैं। 25 फरवरी को गांव में ही लड़की की शादी की रस्म से जब कमिल साय मुंडा वापस ससुराल नहीं पहुंचा तो दूसरे दिन उसकी पत्नी उसे खोजते हुए भवानीपुर पहुंच गई। यहां बताया गया कि वह तो ससुराल के लिए निकल गया था। इसके बाद स्वजन 26 व 27 फरवरी तक उसकी खोजबीन करते रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला।
नृशंस हत्या से सनसनी-
कमिल साय मुंडा की नृशंस तरीके से की गई हत्या से सनसनी फैल गई है। ऐसी हत्या की वारदात को किसने अंजाम दिया इसे लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। कमिल साय का शव ग्राम कंचनटोली और कर्राडार के बीच सड़क पर मिला था। युवक की शव मिलने की जानकारी जब भवानीपुर निवासी अमीन साय एवं निर्मल को हुई तो वे मौके पर पहुंचे। पैर, बाल की कटिंग, कान व हुलिया देखकर अमीन साय ने शव चचेरे भाई का होना पुलिस को बताया था।
Leave a reply
