samvaad
छत्तीसगढ़

पत्नी को लेने ससुराल गए दामाद पर सास ससुर ने किया प्राणघातक हमला 0 आरोपी दंपत्ति भेजे गए जेल0 रामतीरथ की वारदात

सूरजपुर। पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे दामाद पर सास व ससुर ने फावड़े से प्राणघातक हमला कर दिया है। गंभीर रूप से आहत युवक को उपचार के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है। इधर मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। बताया गया है कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रामतीरथ के छक्केलाल का विवाह गांव के ही सुंदरपुर में हुआ है और इसके चार बच्चे भी है। करीब 15 दिन पूर्व छक्केलाल का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिससे नाराज होकर वह अपने मायके चली गई थी। पत्नी को  लेने के लिए वह शुक्रवार की सुबह अपने ससुराल गया था। जहां उसे देखते ही यह कहते हुए उसके ससुर देवलाल व सास श्यामपति दोनों भड़क गए की वह उनकी बेटी को अच्छे से नही रखता है और आए दिन उससे विवाद करता है। इस बीच विवाद बढ़ने पर देवलाल ने फावड़े व सास ने डंडे से उसके सिर व पीठ पर प्रहार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर वही गिर गया। दामाद को रक्तरंजित देखकर दोनों मौके से भाग निकले।घटना की जानकारी लगने पर गांव के सरपंच ने अन्य लोगो के सहयोग से अचेत पड़े छक्केलाल को रामनुजनगगर अस्पताल में दाखिल कराया। इधर सूचना पर रामनुजनगगर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ धारा 294, 307 व 34 का अपराध दर्ज कर शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply