सूरजपुर। वेतनवृद्धि सहित अन्य मांगो को लेकर शासकीय एवं अर्धशासकीय वाहन चालक 25 फरवरी को आंदोलन पर रहेंगे। मानगो को लेकर संघ के आह्वान पर उक्त तिथि में राज्यभर के शासकीय वाहन चालक रायपुर में एक दिवसीय रैली व आंदोलन में शामिल होंगे। जिससे इस दिन सभी शासकीय वाहनों के पहिये थम जायेंगे। संघ के बैनर तले आज कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। शासकीय वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि शासकीय वाहन चालकों को 10 वर्ष में 28 सौ एवं 20 वर्ष में 42 सौ ग्रेड पे देने, कलेक्टर दर, दैनिक वेतनभोगी, संविदा वाहन चालकों को पद के विरुद्ध निःशर्त सिविलियन करते हुए नियमित स्थापना में लिया जायें, योग्यता के अनुसार अन्य कर्मचारियों के समान विभागीय पदोन्नति एवं विभागीय परीक्षा में सम्मान, अधिकार देने, कार्यभारित प्रथा को समाप्त कर नियमित स्थापना में सिविलियन करने, शासकीय वाहन चालक एवं यांत्रिकी कर्मचारी जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र के दायरे में कार्यरत है उन्हें नक्सल भत्ता प्रदान करने तथा प्रत्येक विभाग में अनुबंधित वाहन को हटाकर शासकीय वाहन क्रय कर वाहनो चालकों की नियुक्ति करने सहित छः सूत्रीय मांग को लेकर 7 जनवरी को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया था एवं मांगो का निराकरण करने 29 जनवरी को अल्टीमेटम दिया गया था। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है जिसके कारण छ.ग. शासकीय, अर्धशासकीय वाहन चालक महासंघ द्वारा 25 फरवरी को रायपुर में एक दिवसीय रैली एवं आंदोलन का आयोजन किया गया है। जिसमें जिले से भी सभी शासकीय, अर्धशासकीय वाहन चालक शामिल होंगे।
