samvaad
छत्तीसगढ़

राजपुर हरीतिमा पार्क का संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज आज करेंगे लोकार्पण….


राजपुर। संसदीय सचिव व सामरी विधायक चिंतामणि महाराज रविवार को हरतिमा पार्क का लोकार्पण करेंगे। राजपुर के नागरिकों ने विगत दो वर्ष पूर्व पार्क बनाने की मंशा जताई थी, जिस पर उन्होंने बलरामपुर जिले के वनमंडलाधिकारी लक्ष्मण सिंह से चर्चा कर राजपुर वन विभाग के हरीतिमा पौधशाला को पार्क के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया। वनमंडलाधिकारी ने इंजीनियरों की मदद लेकर पार्क में लगने वाले संसाधनों के विषय में चर्चा की और प्रोजेक्ट तैयार कर नर्सरी की साफ-सफाई, निर्माण कार्य के लिए राजपुर वन परिक्षेत्राधिकारी अजय तिवारी को निर्देशित किया। सफाई कार्य के बाद पार्क में सीसी सड़क, तालाब, गार्डनिंग, झूला, फिसलपट्टी, कैंटीन, लाइट लगाने का कार्य लगभग एक वर्षों से चल रहा था जो लगभग पूर्ण हो चुका है। इस पार्क में महिलाओं और बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखा गया है। संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि नगरवासियों ने राजपुर में पार्क बनाने की मंशा जताई थी जिस पर वन विभाग के हरितिमा नर्सरी को पार्क के रूप में विकसित किया गया है। 20 फरवरी रविवार को पार्क का लोकार्पण संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य में और विशिष्ठ अतिथि अनीता बेक जनपद अध्यक्ष राजपुर, सरिता जायसवाल जनपद उपाध्यक्ष, राजेंद्र तिवारी जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी बलरामपुर, शुकुल पैकरा जनपद सदस्य राजपुर, लोकेश शांडिल्य जनपद सदस्य, तेज कुमार सरपंच परसागुड़ी, गौरीशंकर सरपंच नवकी व बलरामपुर वन परिक्षेत्राधिकारी लक्ष्मण सिंह के अलावा नगरवासियों की उपस्थिति में होगा। राजपुर का यह पार्क आने वाले समय में बलरामपुर जिले के लिए एक अलग पहचान बनेगा, जो अपने आप में एक कीर्तिमान स्थापित करेगी।  

Leave a Reply