samvaad
छत्तीसगढ़

योजनाओं के क्रियान्वयन में अब सियानी दीदी निभाएंगी महत्वपूर्ण भूमिका हर सेक्टर से 5-5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया जायेगा चयनित


अम्बिकापुर 17 फरवरी 2022/ 
शासन की विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमो के प्रति लोगो को जागरूक करने तथा शत प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु सियानी दीदी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के द्वारा नवाचारी पहल करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सियानी दीदी के रूप में चयनित किया जा रहा है। प्रत्येक सेक्टर में 5-5 दीदी होंगी। चयन के लिए महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्री बसंत मिंज ने बताया कि जिले के सभी 69 सेक्टरों में 5-5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का चयन किया जाएगा जो शासन द्वारा प्रारंभ किए गए विभिन्न योजनाओं के संबंध में जन जागरूकता फैलाने के साथ ही समस्त विभागी कार्यों के क्रियान्वयन के लिए एक विशेष रिसोर्स टीम की तरह कार्य करेंगे। सियानी दीदी महिला एवं बाल विकास विभाग के विभागीय योजनाओं की प्रगति अद्यतन रखेंगे तथा आनलाइन एंट्री भी करेंगे। ग्राम स्तर पर समस्त विभागों से समन्वय करते हुए शासन की योजनाओं से अपने क्षेत्र के लोगों को शत प्रतिशत लाभान्वित करेंगे। उन्होंने बताया कि सियानी दीदी के चयन के लिए मापदण्ड निर्धारित किए गए हैं। जिसके आधार पर प्रत्येक सेक्टर से 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ऑनलाइन परिचर्चा के माध्यम से 5 कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा।

Leave a Reply