सूरजपुर। बसंत पंचमी के पवन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कला केंद्र सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्या की दात्री वीणावादिनी माँ सरस्वती की श्रद्धाभक्ति और उत्साह के विधि विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर संस्थानों में सांस्कृतिक व गीत संगीत के आकर्षक व मनभावन कार्यक्रमो की प्रस्तुति बाल कलाकारों व संगीत प्रेमियों के द्वारा दी गई। जिला मुख्यालय स्थित कला केंद्र व शैक्षणिक संस्थानों में शनिवार की सुबह से ही बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर स्कूल पहुंचे थे। यहां जिला प्रशासन द्वारा संचालित कला केंद्र में कला व संगीत प्रेमी जिला पंचायत सीईओ राहुल देव के द्वारा धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि विधान से मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। कला केंद्र में बच्चों के द्वारा माँ सरस्वती की संगीतमयी स्तुति के साथ धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी गई। पूजन पश्चात जिला सीईओ ने बसंत पंचमी की सभी को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को उपहार स्वरूप कलम भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परंपरानुसार छोटे बच्चों ने पढ़ाई की शुरूआत भी की। जिला मुख्यालय स्थित शैक्षणिक संस्थानों सहित जिले के तमाम स्कूलों में भी उत्साह के साथ माँ सरस्वती की आराधना की गई तो वहीं कई स्थानों पर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की गई।विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के पूजन को लेकर सुबह से ही स्कूली बच्चों में खासा उत्साह रहा। नगर के ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, साधुराम विद्या मंदिर, शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल सहित सभी निजी व शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में माहौल पूरी तरह मां सरस्वती की अराधना में डूबा रहा। बच्चे पारंपरिक परिधान में पूजन सामग्री लेकर स्कूल पहुंचे। बच्चे जहां धोती पहने थे, वहीं बच्चियां साड़ी पहन स्कूल पहुंची। स्कूलों में विद्या दायिनी पूजा-अर्चना की गई जिसमें स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाएं भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सरस्वती पूजा को लेकर शहर में भक्ति व उल्लास का माहौल बना रहा।
