samvaad
छत्तीसगढ़

छात्राओं को महिला सुरक्षा एप अभिव्यक्ति की जानकारी से कराया गया अवगत 0 छग पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा हेतु तैयार किया गया है ऐप


सूरजपुर।  छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैयार किये गए अभिव्यक्ति एप की जानकारी देते हुए डीएसपी नंदनी पैकरा ने बताया कि एप के माध्यम से महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। यूजर की लोकेशन के हिसाब से एसओएस बटन दबाते ही यूजर के पास त्वरित पुलिस सहायता पहुंचेगी। इसके अलावा इस एप के माध्यम से महिलाएं कहीं से भी अपनी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा सकेंगी। प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देश पर शुक्रवार को डीएसपी नंदनी पैंकरा ने अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप के बारे में प्रचार-प्रसार एवं उसके इस्तेमाल को लेकर सूरजपुर पुलिस की टीम रक्षक के साथ सरस्वती शिशु मंदिर पहुंची जहां  स्कूली छात्राओं को शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी में इसके बारे में विस्तृत जानकारी से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि इस एप के इस्तमाल के लिए सबसे पहले महिला-बालिकाओं को अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षाा एप डाउनलोड करना है। इसमें उन्हें साइन इन करना है, अपना मोबाइल नंबर डालना है, ओटीपी आएगा उसे एप में डालना है, केवायसी अपडेट कर महिलाएं कभी भी इस एप के माध्यम से अपनी शिकायत अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है। कानून के संबंध में किसी प्रकार के असमंजस की स्थिति में पुलिस अधिकारी से जानकारी लेने खुद अपना मोबाईल नंबर से छात्राओं को अवगत कराया। एसडीओपी गीता वाधवानी ने पुलिस लाईन में पुलिस परिवार के परिजनों को महिला सुरक्षा के लिए बने ‘‘अभिव्यक्ति’’ एप के बारे में जानकारी देते हुए एप के इस्तेमाल के बारे में अवगत कराया।
0 महिला सुरक्षा से जुड़ी कई अहम जानकारियां ऐप में है मौजूद 

डीएसपी श्रीमती पैंकरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस की अभिव्यक्ति एप में महिला सुरक्षा से जुड़े कई अहम जानकारियां मौजूद है जिसे जरूर अध्ययन करें। उन्होंने सदैव जागरूक रहने और घटना घटित होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने अपील की गई। साथ ही टीम रक्षक के द्वारा सेल्फ डिफेंस के बारे में प्रैक्टिकली कर असामाजिक तत्वों से बचने के लिए स्वयं की सुरक्षाा करने के अलग-अलग तरीके बताए गए ।

0सार्वजनिक स्थानों में जाकर महिलाओं को दी गई जानकारी
पुलिस की टीम रक्षक ने शहर के भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं को छत्तीसगढ़ पुलिस की अभिव्यक्ति एप के बारे में अवगत कराया। टीम के महिला पुलिसकर्मी ने महिलाओं को कहा कि कहीं आने-जाने के दौरान किसी प्रकार की समस्या अथवा परेशानी होने पर एप का इस्तेमाल कर पुलिस को अवगत कराए यथासंभव पुलिस जल्द आप तक पहुंचेगी और पुलिस सहायता उपलब्ध होगी। इस दौरान सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के प्राचार्य कैलाश यादव, महिला प्रधान आरक्षक संतोषी वर्मा, टीम रक्षक सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं व स्कूली छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply