samvaad
मध्यप्रदेश

युवक कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाली पर जताया आक्रोश, किया सड़क जाम


वाहनों की लंबी कतार लगी, बदहाल सड़क के चलते रोजाना झेल रहे लोग परेशानी इसके बाद निर्माण एजेंसी मंथर गति से करा रहा कार्य

अंबिकापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 की बदहाली से आक्रोशित युवक कांग्रेस ने सीतापुर मार्ग पर चक्काजाम कर निर्माण कंपनी और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। डेढ़ घंटे सड़क के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क की खस्ताहालत के कारण बनने वाली जाम की स्थिति के कारण ही सैकड़ों परीक्षार्थी रविवार को महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के लिए भर्ती होने वाली परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए थे।
कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग के अंबिकापुर से जशपुर खंड का निर्माण पिछले आठ सालों से चल रहा है। केंद्रीय एजेंसी की नाकामी और भुगतान को लेकर हो रही दिक्कतों के चलते सड़क का निर्माण अभी भी अधूरा है। वर्तमान में निर्माण कंपनी टीबीसीएल द्वारा शहर सीमा से बाहर लुचकी घाट के पास निर्माण कार्य किया जा रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद यह सड़क चलने लायक नहीं है। गाडिय़ों के फंसने से रोज जाम लग रहा है। कीचड़ भरे इस सड़क में पैदल और मोटरसाइकिल सवार जान जोखिम में डालकर चलते हैं। इसी सड़क पर लुचकी घाट में शनिवार की रात से लगे जाम के चलते सैकड़ों परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके। रविवार की रात फिर से एक ट्रक पलट जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। बदहाल सड़क के खिलाफ युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एनएच-43 पर डी हिलाक्स स्कूल के सामने चक्काजाम कर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण निर्माण कंपनी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्काजाम करने वालों में जिला पंचायत सदस्य अनिमा केरकेट्टा, पार्षद सतीश बारी, युकां के ग्रामीण अध्यक्ष उत्तम राजवाड़े, एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल, नितिश चौरसिया, आलोक सिंह, आशीष जायसवाल, सुंदर मिंज, नरेंद्र बाबरा, दिलीप मिंज, देवा गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, दिवेश सिंह, आकाश यादव, चुनमुन, गौतम गुप्ता, ऋषिकेश मिश्रा, सुशील कसेरा, वैभव पांडेय, अभिषेक सोनी, आयुष गुप्ता, जयप्रकाश, रंजीत तिर्की, सुखेस्वर टोप्पो शामिल थे।
15 दिन में सड़क को चलने लायक बनाने का दिया आश्वासन-
डेढ़ घंटे के जाम के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने 15 दिनों के भीतर सड़क को एक ओर चलने लायक बना देने का लिखित में भरोसा दिलाया है। युकां जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि केंद्र की सरकार छत्तीसगढ़ में चल रही सड़क परियोजनाओं के लिए समय से राशि उपलब्ध नहीं करा रही है, जिसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसका खामियाजा रविवार को परीक्षार्थियों को भुगतना पड़ा। राहगीर और मरीज अक्सर ऐसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, मजबूरन युवा कांग्रेस को यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी यदि 15 दिन की तय समय सीमा में सड़क का सुधार नहीं हुआ तो 16 वें दिन फिर से युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दफ्तर का घेराव करने के साथ अधिकारियों को लेकर सड़क व्यवस्थित होने तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ही धरना देंगे।

Leave a Reply