सूरजपुर। धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने एवं ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा किसान मोर्चा द्वारा जिला प्रभारी व प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल व जिलाध्यक्ष रामकरण साहू के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय वृद्धि एवं बेमौसम बारिश से फसलो को हुए नुकसान का मुआवजा देने के साथ अन्य मांगे शामिल है। ज्ञापन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा धान खरीदी एक माह विलंब से प्रारंभ किया गया एवं राज्य सरकार के किसानों के प्रति उदासीनता की वजह से प्रदेश के किसान परेशान है। शासन द्वारा धान खरीदी हेतु 2 माह दिसंबर और जनवरी की समय सीमा नियत की गई है । जिसमे गत माह 28 29 दिसंबर और जनवरी के दूसरे सप्ताह में बेमौसम बारिश होने के कारण खरीदी प्रभावित हो गई है । जिसके कारण प्रदेश भर के लगभग एक तिहाई से ज्यादा किसान अभी तक अपनी उपज की बिक्री नहीं कर पाए है । चूंकि धान खरीदी हेतु समय बहुत कम दिन बचा है ऐसी स्थिति में किसानों को धान बिक्री के लिए परेशान होना पड़ रहा है और परेशान किसान धान को औने पौने दर पर विक्रय करने हेतु मजबूर हो रहे हैं । किसानों की परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए धान खरीदी की समय सीमा में एक माह की अतिरिक्त वृद्धि किए जाने हेतु सरकार को निर्देशित करने, बेमौसम बारिश के कारण रबी फसले चना सरसो लाख – लाखड़ी आदि को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने की तत्काल घोषणा करे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के क्षति का आंकलन करा कर मुआवजा दिलाने, चालू रबी फसल के लिए किसानों को यूरिया , डीएपी , पोटाश जैसे खाद के लिए भटकना पड़ रहा है खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, धान खरीदी नीति के अनुसार उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव समय में नहीं हो रहा है । नियमानुसार बफर लिमिट से ज्यादा धान भंडारित होने पर 72 घंटे के अंदर परिवहन किए जाने की अनिवार्यता है किंतु उसका पालन वर्तमान सरकार द्वारा विगत वर्षों में नहीं किया जा रहा है जिसके कारण भारी शोर्टेज आने से सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति दिन प्रति दिन कमजोर होती जा रही है सरकार को धान खरीदी नीति के अनुसार धान का उठाव किए जाने हेतु निर्देशित करने की मांग की गई है।10 दिवस के अंदर मांग पूर्ण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस दौरान भाजपा जिला कोषाध्यक्ष थलेस्वर साहू मंडल अध्यक्ष अजय अग्रवाल,किसान मोर्चा अध्यक्ष शिवशंकर साहु, विशील सिंहदेव, विक्रम प्रताप सिंह, राकेश पांडे, देवनारायण राजवाड़े, पार्षद सुरेन्द्र देवांगन व कामता साहु उपस्थित रहे।
धान खरीदी की समयसीमा बढ़ाने एवं ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग 0 भाजपा किसान मोर्चा ने राज्यपाल के नाम सौपा ज्ञापन

Leave a reply