सूरजपुर। कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राजस्व एवं पुलिस अमला की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। जिला पंचायत सीईओ राहुल देव, एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, थाना प्रभारी, जनपद पंचायत सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़े थे। कलेक्टर एवं एसपी ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शासन के गाइड लाइन के अनुसार खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य सामूहिक कार्यक्रम के गतिविधियों को तत्काल एसडीएम एवं एसडीओपी को प्रतिबंध लगाने तथा कोरोना के निर्धारित प्रोटोकॉल गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ सिंह ने कोरोना के वर्तमान स्थिति, धान की अवैध खरीदी, अवैध खनन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जिले में कोचियो के माध्यम से अवैध धान की बिक्री को रोकने राजस्व अमला, खाद्य विभाग एवं पुलिस अमला को समन्वय कर अवैध तरीके से धान बिक्री करने वालों पर कड़ाई से कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने अवैध खनन पर निरंतर निगरानी रखकर अवैध तरीके से परिवहन एवं खनन करने वालों पर कार्यवाही करने कहा है। कलेक्टर ने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कार्यालय अधिकारियों कर्मचारियों को कोरोना के प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए मास्क पहने, फिजिकल फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने, सैनिटाइजिंग करने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है तथा आम नागरिकों को भी कोरोना की प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराते हुए, मास्क, फिजिकल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर आदि के नियमों का पालन करने हेतु जागरूक करने एवं कंटेंटमेंट जोन को निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
0 फ्लैग मार्च कर कराएं नियमों का पालन
पुलिस अधीक्षक ने भी शासन द्वारा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने चौक चौराहो, सार्वजनिक स्थलों पर मास्क ,फिजिकल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर आदि का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों एवं ग्राहकों को कोरोना के गाइड लाइन का अनिवार्य रूप से पालन कराने तथा अपील न मानने वालों पर चालानी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। नगरीय क्षेत्रों में नगरी अधिकारियों से समन्वय कर जिले के लोगों से नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए है।
0 गणतंत्र दिवस पर नहीं होगी झांकियों की प्रस्तुति
जिले में गणतंत्र दिवस समारोह के तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। संयुक्त कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी ने गणतंत्र दिवस के तैयारियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस को सादगी पूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए सभी संबंधित विभाग को कार्यभार सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना के गाइडलाइन का पालन कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को देखते हुए इस समारोह के अवसर पर मास्क पहनना, सामाजिक दूरी आदि का पालन किया जाए तथा समारोह में सांस्कृतिक समारोह और झांकियों की प्रस्तुति नहीं होगी। मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा। पुलिस अधीक्षक ने कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पुलिस अमला को पुलिसिंग व्यवस्था, परेड प्रैक्टिस शासन के निर्देश का पालन करते हुए व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
