samvaad
छत्तीसगढ़

विशेष आधार शिविर में 300 पहाड़ी कोरवा, पण्डो व नगेशिया समुदाय के सदस्यों का बनाया गया आधार कार्डकलेक्टर की पहल पर पण्डो व पहाड़ी कोरवा बहुल बसाहटों में आयोजित हो रहे हैं विशेष आधार शिविर, आधार बनने से शासन की योजनाओं से हो सकेंगे लाभान्वित

बलरामपुर / पहाड़ी कोरवा व पण्डो परिवारों के समग्र विकास व शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से मैदानी अमला जुटा हुआ है। एक ओर जहां इन परिवारों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कैम्प अस्पताल खोले गये हैं, वहीं नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में विकासखण्ड व ग्राम स्तर में अधिकारी-कर्मचारी डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से मूलभूत जानकारी एकत्रित कर जिला प्रशासन को भेज रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, राशन, आयुष्मान कार्ड के साथ-साथ अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं से पण्डो व पहाड़ी कोरवा परिवारों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के पहल पर विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पहुंचविहिन और दुर्गम इलाकों में निवासरत् पहाड़ी कोरवा व पण्डो परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने में आधार कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में उपयोग हो सकेगा। आधार कार्ड न होने से शासकीय योजनाओं से वंचित होने वाले इन परिवार अब शासन की योजनाओं से लाभान्वित होंगे। आधार शिविर में पहाड़ी कोरवा, पण्डो व नगेशिया बहुल बसाहटों में ऑपरेटरों के द्वारा निर्धारित तिथि में पहुंचकर निःशुल्क आधार कार्ड बनाया जा रहा है। इसीक्रम में आज विकाखण्ड रामचन्द्रपुर के ग्राम सुन्दरपुर, ओरंगा, विकासखण्ड शंकरगढ़ के जगीमा, कुसमी के बरियाडीहकला तथा वाड्रफनगर के गुडरू तथा अन्य निर्धारित स्थानों में आधार शिविर का आयोजन कर लगभग 300 लोगों का आधार कार्ड बनाया गया। इसी प्रकार आने वाले दिनों विभिन्न विकासखण्डों में आधार शिविर आयोजित कर पहाड़ी कोरवा व पण्डो समुदाय के सदस्यों का आधार कार्ड प्राथमिकता के साथ बनाया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा पहाड़ी कोरवा व पण्डो को केन्द्रित कर शासन की सभी योजनाओं से लाभान्वित करने की मंशा है तथा प्रशासन उनके सर्वांगिण विकास के लिए कार्य कर रही है।

Leave a Reply