samvaad
छत्तीसगढ़

संभागायुक्त और कलेक्टर ने उदय शांति बालगृह के बच्चों से की आत्मीय मुलाकात, अधिकारियों से मिलकर बच्चों के भी खिले चेहरेबालगृह के प्रबंधन को बच्चों की विशेष देखभाल के लिये दिये निर्देश

बलरामपुर संभागायुक्त सुश्री जिनेविवा किण्डो ने जिला प्रवास के दौरान बलरामपुर मुख्यालय स्थित उदय शांति बालगृह के बच्चों से मुलाकात की। संभाग आयुक्त व कलेक्टर ने बच्चों के साथ बड़ी आत्मीयता के साथ चर्चा की और अधिकारियों से मिलकर बच्चों के चेहरे भी खिल उठे। उन्होंने संचालक से बालगृह में रह रहे बच्चों की संख्या, मूलभूत सुविधाएं, भोजन तथा दी जा रही अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली एवं बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने बच्चों से चर्चा कर पूछा कि आपको खाने में क्या-क्या दिया जाता है तथा बच्चों के दिनचर्या से जुड़ी जानकारी भी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें नाश्ता, दोपहर एवं रात का खाना और समय-समय पर रूचि के अनुरूप विशेष व्यंजन भी दिया जाता है। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने संचालक को आज रात्रि बच्चों के लिये विशेष व्यंजन बनाने के निर्देश दिये और कहा कि आज की भांति समय-समय पर बाहर घुमाने भी ले जायें। बालगृह का परिवेश घर की तरह हो, बच्चों की सुरक्षा व उनकी देखभाल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः प्रबंधन बच्चों से वात्सल्य व सहृदयतापूर्ण व्यवहार करें। संभागायुक्त ने बालगृह संचालक से उनकी समस्यायें भी सुनी और यथासंभव उसका निराकरण करने की बात कही।
इस दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल के एक छात्र ने कलेक्टर से पूछा कि कलेक्टर बनकर हम क्या कर सकते हैं। प्रत्युत्तर में कलेक्टर ने कहा कि हम एक दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़ लोगों की सेवा कर सकते हैं और अपने जिले, राज्य और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभा सकते हैं।  

Leave a Reply