सूरजपुर। आदिशक्ति की आस्था का महापर्व शारदीय नवरात्र गुरुवार से प्रारंभ हो गया। इस मौके पर जिले भर के सभी देवी मंदिरो में पूजा अर्चना के लिए प्रातः से ही माता भक्तो की भीड़ उमड़ने लगी थी दर्शन व पूजा अर्चना का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। कोविड 19 के प्रभाव से पिछले तीन नवरात्र मंदिर सुने रहे। ज्योति कलश कक्षो में इस बार आस्था के दीप भी जगमगा उठे। वहीं इस बार भी संभावित कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए प्रशासन के द्वारा गाईड लाईन जारी की गई है। जिसका असर जिले भर के पंडालो में देखने को मिला है। भव्य व आकर्षक सजने वाले पंडाल पर इस बार भी बंदिशों का नजारा साफ झलक रहा है। परंतु माता भक्तो की आस्था पर इसका कोई असर नहीं है।इस बार नवरात्र आठ दिनों की है नवमें दिन दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। गुरुवार को प्रथमदिन पंडालो में देर शाम तक विधि विधान से पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। नगर के तमाम सार्वजनिक पंडालो में इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमो का आयोजन किया गया है। पंच मन्दिरपारा में परंपरा के अनुरूप इस बार भी नवयुवा जागृति मंच के द्वारा 24वीं राज्य स्तरीय रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई है। दूधिया रोशनी में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर लोगो मे खासा उत्साह रहता है और देर रात तक कबड्डी का लुत्फ उठाने के लिए नगर सहित आसपास क्षेत्र के लोग जमे रहते है। यहां आज शुक्रवार से प्रतियोगिता प्रारम्भ होगी। जिसका फाइनल मुकाबला 15 अक्टूबर को होगा। भैयाथान रोड स्थित पंडाल में भी श्री नवयुवक दुर्गा मंडल के द्वारा सप्तमी को अपना वार्षिकोत्सव मनाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मेन रोड के श्री राम मंदिर, नेहरूपार्क रोड के रंगमंच प्रांगण, नवापारा, बाजार पारा व नमदगिरी रोड स्थित पंडालो में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित है। 0 प्रज्वलित हुए मनोकामना ज्योति कलशशारदीय नवरात्र के मौके पर जिले की आस्था के प्रतीक कुदरगढ़ देवी धाम, देवीपुर स्थित माँ महामाया मंदिर, केनापारा व पम्पापुर स्थित समलाई मंदिर सहित तमाम देवीमंदिरो में बड़ी संख्या में माता भक्त पहुंचकर पूजा अर्चना किये। इन मंदिरों में परंपरा के अनुसार मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किये गए है। देवीपुर स्थित मां महामाया के दरबार मे 701 ज्योति कलश प्रज्वलित किये गए है।
