सूरजपुर। जिला मुख्यालय की पुलिस के रात्रि गस्त पर फिर एक बार सवाल खड़ा हुआ है। इस बार चोरो ने कोतवाली थाने के सामने चंद कदम की दूरी पर स्थित एक मोबाईल दुकान में हाथ साफ कर करीब एक लाख रुपये के मोबाईल व अन्य उपकरण पार कर दिया है। अगर ये कहें कि इस बार चोरो ने पुलिस की आंख से काजल चुराकर उनके सामने अपनी सक्रियता का परिचय देते हुए चुनोती पेश की है तो अतिशयोक्ति नहीं है। बताया गया है कि कोतवाली थाने के ठीक सामने पुराना बस स्टैंड काम्प्लेक्स में बादशाह मोबाईल सेंटर स्थित है। जहां से बीती रात दुकान संचालक मोइनुद्दीन दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे और जब वे सोमवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर में लगा ताला टूटा देख माजरा समझते देर नहीं लगी। जब वे दुकान के अंदर प्रवेश कर देखे तो अलमारी व काउण्टर में रखा मोबाईल व मोबाईल बनाने के अन्य उपकरण गायब थे। दुकान संचालक के मुताबिक 6 नग नया व 6नग रिपीएयर किया मोबाइल, पावर बैंक, चार्जर, पेनड्राइव एवं अन्य उपकरण गायब थे। चोरी गए सामानों की कीमत संचालक के मुताबिक करीब एक लाख से ऊपर की बताई गई है। उक्त दुकान पखवाड़े भर पूर्व ही खुली थी और चोरी की घटना हो गई। कोतवाली के सामने हुई चोरी की इस वारदात से अपनी दुकानों को सुरक्षित समझने वाले दुकानदार भी चिंतित है। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध चोरी का अपराध दर्ज कर पतासाजी प्रारम्भ की है।
