अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र से एक 12 वर्षीय बालिका का अपहरण करने के बाद युवक ने बलात्कार किया। यही नहीं उसने बालिका के साथ मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी ने उसे गांव में छोड़ दिया था।बालिका के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में शामिल मुख्य आरोपी व उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।इस संबंध में उदयपुर थाना प्रभारी धीरेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि 30 अगस्त की शाम 4 बजे मोबाइल से 12 वर्षीय बालिका के अपहरण की सूचना मिली थी। घटना स्थल का निरीक्षण एवं परिजनों की रिपोर्ट पर 363 का अपराध पंजीबद्ध किया गया।उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में उदयपुर पुलिस की टीम ने मामले की विवेचना शुरू की। पीडि़ता के परिजनों के बताए अनुसार संदेहियों की खोजबीन शुरू कर आरोपियों के घरों में दबिश दी गई परंतु आरोपी घर पर नही मिले। इसी बीच संदेही ग्राम लक्ष्मणगढ़ निवासी रामकुमार पावले से पूछताछ करने पर उसने बताया कि राजेश सोनी द्वारा बालिका का अपहरण कर बाइक से ले जाया गया था।31 अगस्त की सुबह बालिका को मुख्य आरोपी उसे उसके गांव छोड़कर चला गया था। गांव से ही लड़की को बरामद कर घटना के बारे में पूछताछ की गई तथा उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। इसमें पीडि़ता के साथ बलात्कार व मारपीट का मामला भी सामने आया है पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वारदात के मुख्य आरोपी राजेश सोनी उर्फ फूल सिंह उर्फ बुतरू को कुन्नी चौकी अंतर्गत ग्राम कुरमेन से 31 अगस्त को गिरफ्तार किया।वारदात में शामिल दोनों आरोपियों राजेश सोनी व रामकुमार पावले के विरुद्ध उदयपुर पुलिस ने पूर्व में दर्ज 363 के अपराध में 376 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 जोड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।कार्रवाई में एसडीओपी अखिलेश कौशिक, थाना प्रभारी धीरेंद्र नाथ दुबे, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष गुप्ता, शत्रुघन सिंह , आरक्षक अमित विश्वकर्मा, सिकंदर आलम, सतीश चौहान, महिला आरक्षक सुनीति राजवाड़े, अमरावती राजवाड़े एवं थाना के अन्य स्टाफ सक्रिय रहे।
Leave a reply
