अंबिकापुर। ग्राहकों की मांग पर बाइक चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही साथ पुलिस चोरी की बाइक खरीदने वाले ८ खरीदारों को भी अपने गिरफ्त में ले ली है। पुलिस ने इनके पास से कुल दो दर्जन दो पहिया वाहन जब्त किया है। बताया जा रहा है कि बाइक चोर गिरोह अंबिकापुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से बाइक चोरी कर अलग-अलग स्थानों पर काफी कम दामों में बेचते थे। यह बाइक चोरी के मामले में अब तक की सबसे बड़ी करवाई बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली टीआई अनूप एक्का ने बताया कि शहर में लगातार सिलसिलेवार दोपहिया वाहनों की चोरी हो रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित तुकाराम कांबले ने टीम का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं गाड़ियों के बरामदगी के निर्देश दिए हैं। इस टीम में अनुभवी अधिकारियों व कर्मचारियों को शामिल किया गया है। आरोपियों की पतासाजी हेतु मुखबीरो को सक्रिय किया गया है। मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार को ग्राम असोला थाना अंबिकापुर निवासी विद्याधर पिता पन्ना दास उम्र २६ वर्ष चोरी की बाइक से घूमता पाया गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह अपने साथी करमु, अजय व प्रेमदास के साथ मिलकर अंबिकापुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों से दो पहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने विद्याधर के बताए अनुसार ग्राम असोला से करमू दास पिता सुखनंदन उम्र ३४ वर्ष को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी विद्याधर व करमू ने पुलिस को बताया कि दो पहिया वाहन को चोरी कर अंबिकापुर शहर एवं ग्राम कंठी, करजी, शिवपुर, केवरा, असोला, सूरजपुर जिले के ग्राम पहाड़ गांव, बलरामपुर जिले के ग्राम घटगांव, जशपुर जिले के ग्राम मैनी में बेचे है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के २४ दो पहिया वाहन व ८ खरीदारों को उपरोक्त स्थान से पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा ४१ (१-४) व ३७९, ४११ के तहत करवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
मुख्य दो आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि कुल ११ आरोपियों से २४ दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। जिसकी अनुमानित कीमत १० लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं मुख्य बाइक गिरोह के सहयोगी अजय एवं प्रेमदास की तलाश जारी है इनके मिलने के बाद चोरी की और दो पहिया वाहन बरामद हो सकते हैं। बरामद वाहनों के इंजन एवं चेचिस नंबर के आधार पर सरगुजा रेंज के समस्त थाना और चौकी से चोरी गए वाहनों एवं दर्ज अपराध के आधार पर जानकारी लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक प्रमोद पांडे, सरफराज फिरदौसी, भूपेश सिंह, डकेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक धीरज गुप्ता, अजय पांडे, आरक्षक राकेश शर्मा, विकास सिंह, मंटू गुप्ता, राकेश यादव, कुंदन सिंह, रुपेश महंत, संजीव पांडे, इद्रीश खान, राजकुमार यादव सक्रिय रहे।
विद्याधर व करमु है मुख्य आरोपी
पुलिस ने बताया कि करमु व विद्याधर मुख्य आरोपी हैं। दोनों दो पहिया वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। विद्याधर कोरोना काल में पैरोल पर जेल से छूटा हुआ है। वही करमू जमानत पर छूटा हुआ है। ये दोनों आरोपी अपने साथी अजय वह प्रेमदास के साथ मिलकर बाइक चोरी कर काफी कम दामों में बेच देते थे।
ये आरोपी हुये गिरफ्तार
विद्याधर दास पिता पन्ना दास उम्र २६ वर्ष निवासी असोला थाना अंबिकापुर, करमु दास पिता सुखनंदन उम्र ३४ वर्ष निवासी असोला, अमृत दास पिता रामदेव राम उम्र २२ वर्ष निवासी पहाड़ गांव थाना जयनगर, विनय गुप्ता पिता प्रभु नारायण गुप्ता उम्र २८ वर्ष निवासी घटगांव थाना राजपुर, चिन्नू मित्तल पिता सुनील मित्तल उम्र १९ वर्ष निवासी ठनगनपारा थाना अंबिकापुर, हीरा दास पिता ननकू उम्र ३९ वर्ष निवासी असोला थाना अंबिकापुर, जिम्मी प्रसाद महंत पिता स्वर्गीय ननकू उम्र ३० वर्ष निवासी असोला, लाल बहादुर राजवाड़े पिता गोकुल उम्र २४ वर्ष निवासी कंठी थाना दरिमा, लाला रजवाड़े पिता समरथ उम्र ३० वर्ष निवासी शिवपुर थाना दरिमा, अनिल नायक पिता जनक नायक उम्र ३० वर्ष निवासी कंठी थाना दरिमा, उमेश प्रजापति उम्र २७ वर्ष निवासी मेनी जिला जशपुर को गिरफ्तार किया गया है।