अम्बिकापुर /वृक्षारोपण कार्य को अधिकाधिक प्रोत्साहन देने के लिए 1 जून 2021 से पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना लागू की जा रही है। योजना लागू करने के संबंध में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अवर सचिव द्वारा विस्तृत दिशानिर्देश जारी कर दिया गया है।इस योजना का उद्देश्य निजी क्षेत्रए कृषकों, शासकीय विभागों एवं ग्राम पंचायतों की भूमि पर ईमारती तथा गैर इमारती प्रजाति के वाणिज्यिक एवं औद्योगिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहन देना, पर्यावरण में सुधार लाकर जलवायु परिवर्तन के विपरीत प्रभावों को कम करना, वृक्षारोपण के माध्यम से कृषकों की आय में वृद्धि करना, निजी भूमि पर रोपित तथा पूर्व के खड़े वृक्षों का पालन, निजी तथा सामुदायिक भूमि पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देना, उद्योगों में लकड़ियों की आपूर्ति और बाढ़ तथा अनावृष्टि को नियंत्रण करना है। छत्तीसगढ़ राज्य के सभी नागरिक निजी भूमि की उपलब्धता अनुसार तथा सभी ग्राम पंचायतों एवं संयुक्त वन प्रबंधन समितियां योजना का लाभ लेने हेतु पात्र होंगे। जिलो में योजना का क्रियान्वयन कलेक्टर की देखरेख में वनमंडलाधिकारी द्वारा किया जाएगा। जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन किया जाएगा।