samvaad
छत्तीसगढ़

हितग्राहियों को एक साथ मिलेगा दो माह का राशन

अम्बिकापुर 23 अप्रैल 2021/ कोविड-19 संक्रमण के प्रबंधन के अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अंत्योदय, प्राथमिकता, निःशक्तजन, एकल निराश्रित एवं अन्नपूर्णा श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को माह मई एवं जून का एक मुश्त चावल वितरण मई 2021 में किया जाएगा। इस संबंध में खाद्य सचिव द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया गया है।
निर्देश में कहा गया है कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में एक सप्ताह से 15 दिन तक चावल की बड़ी मात्रा रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था ग्राम पंचायत भवन, सामुदायिक भवन या अन्य शासकीय भवन में करना होगा।उचित मूल्य दुकानों में नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन निगरानी समिति के माध्यम से करनी होगी तथा खाद्य निरीक्षक एवं सहायक खाद्य अधिकारी से पुष्टि भी करानी होगी। राशन कार्ड धारको को दो माह का चावल एक मुश्त वितरण करने की जानकारी हेतु दुकान के सूचना पटल पल पर सूचना प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न संचार माध्यमों तथा मुनादी कराकर व्यापक प्रचार प्रसार कराना होगा। राशन कार्ड धारक अपनी सुविधानुसार 1 या 2 महीने का चावल ले सकेगा। उचित मूल्य दुकान से वितरण के समय कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी निर्देश का पालन सुनिश्चित करना होगा। माह मई एवं जून के चावल एवं अन्य सामग्री उठाव हेतु डिमाण्ड ड्राफ्ट 30 अप्रैल तक प्राप्त कर विभागीय वेबसाइट में एंट्री करने कहा गया है। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने जिले के हितग्राहियों को दो माह का चावल वितरण करने हेतु खाद्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशानुसार तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply