निर्धारित लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण के निर्देश
अम्बिकापुर / कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने मंगलवार को अम्बिकापुर के शहरी क्षेत्र के टीकाकरण केन्द्र केदारपुर, सत्तीपारा, महामाया रोड, बरेजपारा, खालपारा,उपस्वास्थ्य केंद्र गोधनपुर के का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी केंद्रों में अगले दो दिन में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गांधीनगर स्थित निजी चिकित्सालय एचआर हॉस्पिटल में लग रहे निःशुल्क वैक्सीनेशन कक्ष का निरीक्षण भी निरीक्षण किया।
इस दौरान सत्तीपारा निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला समुद्री बाई ने प्राथमिक शाला में लग रहे टीकाकरण केंद्र में वैक्सीनेशन कराया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अपने आप को तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है। सभी को टीका अवश्य लगवाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि अम्बिकापुर शहरी क्षेत्र में टीकाकरण के लिये लक्षित हितग्राहियों की संख्या 43 हजार 140 है। इसी प्रकार नगर पंचायत लखनपुर में टीकाकरण के लिये लक्षित हितग्राहियों की संख्या 32 हजार 916 है तथा नगर पंचायत सीतापुर में टीकाकरण के लिये लक्षित हितग्राहियों की संख्या 26 हजार 598 है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा के चिकित्सा अधिकारी डाॅ आयुष जायसवाल, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ आमीन फिरदौसी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।