अम्बिकापुर 4 अप्रैल 2021/ कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने रविवार को सीतापुर जनपद के दूरस्थ टीकाकरण केन्द्र केरजु, कुनमेरा, सूर, उलकिया, आरा, सोंनतराई तथा बतौली जनपद के बेलकोटा टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण के लिए लोगों को प्रोत्साहित कर प्रतिदिन शतप्रतिशत टीकाकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दूरस्थ केंद्रों में टीकाकारण की कम प्रगति पर कहा कि सभी टीकाकरण केंद्रों में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शतप्रतिशत टीकाकरण कराएं। उन्होंने टीकाकरण केंद्रों में तैनात शिक्षक, सचिव तथा रोजगार सहायकों को टीकाकरण के लाए लोगों को मोबिलाइज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जिन गाँवो में ज्यादा कोविड पॉजिटिव केस मिले हैं वहां के टीकाकरण केन्द्र में शतप्रतिशत सेचुरेशन करें। उन्होंने निरीक्षण के दौरान टीकाकारण केंद्रों में मौजूद सरपंचों से कहा कि पांचों की बैठक लेकर टीकाकारण के लिए सहयोग लें। आप लोग स्वयं टीका लगवाकर लोगों के लिए उदाहरण बनंे।
कलेक्टर ने टीकाकरण केंद्र आरा में कम टीकाकरण पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि लोगों में टीकाकरण के प्रति डर या भ्रम की स्थिति है तो उसे दूर कर सुरक्षित टीकाकरण के लिए विश्वास पैदा करें। लोगों को समझाएं कि कोरोना से बचने के लिए टीका लगवाना जरूरी है। कलेक्टर ने कुनमेरा टीकाकरण केंद्र में टीकाकरण के लिए आए लोगों से बातचीत कर अपने आस-पास के लोगो को भी टीका लगवाने केंद्र में भेजने कहा। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि सभी कोरोना का टीका लगवा रहे हैं। डर की कोई बात नही है। सभी निःसंकोच टीका लगवाएं।
कलेक्टर ने सभी टीकाकरण केंद्रों में पानी और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टीका लगने के बाद आधा घंटा तक रुकने के लिए केंद्र के आस पास के छायादार स्थान पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीतापुर नगर पंचायत में भी टीकाकरण की कम प्रगति पर टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाकर अगले तीन दिन में शतप्रतिशत टीकाकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह, एसडीएम सुश्री दीपिका नेताम, सीएमएचओ डॉ पीएस सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने सीतापुर जनपद के दूरस्थ टीकाकरण केंद्रों का किया निरीक्षण प्रतिदिन शतप्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश
Leave a reply