अब तक 17 हजार से अधिक लोगों का किया गया उपचार
अम्बिकापुर 20 मार्च 2021/मायापुर निवासी 25 वर्षीय युवा श्री अनेश गोस्वामी की आर्थिक स्थिति अच्छी नही है। उनके पैर तथा शरीर मे दर्द रहता था। दत्ता कालोनी में रहने वाले श्री अनेश गोस्वामी एक पैर से दिव्यांग हैं और बैसाखी के सहारे चलते हैं। श्री गोस्वामी मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अपने मोहल्ले में ही एमएमयू में ईलाज करा रहे हैं। जब एमएमयू उनके मोहल्ले में आती है तो वे खुशी-खुशी इलाज के लिए जाते हैं। आज वे दूसरी बार इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टर ने गोस्वामी की समस्याओं को देख-सुनकर स्वास्थ्य जाँच किया। ततपश्चात दर्द की दवा तथा मालिश के लिए एक क्रीम के साथ स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। एमएमयू से निःशुल्क एवं शीघ्र ईलाज तथा दवा पाकर श्री गोस्वामी बोले – “गरीब और मेहनत कश लोगों की हितैषी भूपेश सरकार का बहुत बहुत धन्यवाद“
मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मोबाईल मेडिकल यूनिट स्लम क्षेत्र के बुजुर्गों को घर के पास निःशुल्क ईलाज की सुविधा पहुंचाकर बड़ी राहत दे रही है। चलने-फिरने में परेशानी होने के कारण अधिक उम्र के बुजुर्गों को अस्पताल जाने तथा वहां ईलाज हेतु ओपीडी में बारी का इंतजार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वही एमएमयू में ईलाज के लिए ओपीडी की जरूरत नही है। मरीज सीधे चिकित्सक से मिल सकते है। मोबाईल मेडिकल यूनिट में सभी प्रकार की जांच की सुविधाएं उपलब्ध है।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अम्बिकापुर नगर निगम में कुल 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रतिदिन अलग अलग क्षेत्र में भ्रमण कर निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रही हैं। निगम क्षेत्र में आज तक कुल 315 कैम्प लगाकर 17 हजार 616 लोगो का ईलाज किया गया है। इनमें से 8 हजार 268 लोगों का निःशुल्क लैब टेस्ट किया गया है तथा 1 हजार 959 लोगों का श्रम कार्ड कैम्प में पंजीयन के माध्यम से बनाया गया है। एमएमयू का संचालन चिन्हांकित स्लम एरिया में प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाता है। इसमे कुल 41 प्रकार के स्वास्थ्य जांच के लिए लैब की सुविधा उपलब्ध है जहाँ पर निःशुल्क लैब टेस्ट कर रिपोर्ट प्रदान किया जाता है।