samvaad
क्राइम

आरक्षक व दुकानदार से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक अपचारी सहित पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार


देवगढ़ मेला में एक दर्जन युवकों ने जमकर मचाया था उत्पात, मना करने पर आरक्षक से की थी मारपीट


अंबिकापुर। सरगुजा में आरक्षकों की पिटाई का मामला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले १५ दिन के अंदर चार आरक्षकों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आ चुका है। इसी क्रम में उदयपुर विकासखंड के देवगढ़ मेला में एक दर्जन युवकों ने जमकर उत्पात मचाते हुए एक दुकानदार के साथ मारपीट कर रुपए लूट लिए। बदमाशों द्वारा उत्पात मचाए जाने की शिकायत पर जब मेले में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने उन्हें रोकना चाहा तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। मामले में दुकानदार व आरक्षक की रिपोर्ट पर उदयपुर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर एक अपचारी बालक सहित पांच आरोपियों को गिर तार किया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शब्बीर हसन बिश्रामपुर का निवासी है। वह देवगढ़ मेले में होटल खोला था। १२ मार्च को शब्बीर के होटल में काम करने वाले अंकित के साथ मेला घूमने आए कलचा निवासी सत्यनारायण, विकास पैंकरा व तुलेश्वर ने मारपीट की थी। इस समय मामला शांत हो गया था। लेकिन अगले दिन १३ मार्च को तीनों आरोपी अपने अन्य ९ साथियों के साथ होटल में सब्बल, लाठी, डंडे के साथ आए और उत्पात मचाते हुए शब्बीर, उसके पिता व एक अन्य के साथ जमकर मारपीट की। इससे तीनों को चोटें आईं। वहीं आरोपी होटल से १४-१५ हजार रुपए भी लूटकर फरार हो गए। ये सभी आरोपी मेले में उत्पात मचाते घूम रहे थे। दुकानदारों की शिकायत पर मेले में ड्यूटी पर तैनात उदयपुर थाने के आरक्षक सिकंदर आलम ने जब आरोपियों को मना किया तो वे आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने आरक्षक से कहा कि तुमने पहले भी हमारा कोयला पकड़वाया है, यहां से चले जाओ नहीं तो ठीक नहीं होगा। आरक्षक ने अपने बचाव के लिए तत्काल अपने साथी आरक्षक सतीश व लाखन को मौके पर बुला लिया, इन दोनों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला वरना आरोपी सिकंदर के साथ मारपीट करने उतारू हो गए थे। दोनों मामलों में पुलिस ने एक अपचारी बालक सहित पांच आरोपियों को गिर तार किया है, शेष आरोपियों की तलाश जारी है। दुकानदार शब्बीर हुसैन की रिपोर्ट पर पुलिस ने जहां आरोपियों के खिलाफ धारा १४७, १४८, १४९, २९४, ३०७, ३९५, ५०६ व ३२३ के तहत अपराध दर्ज किया। वहीं आरक्षक सिकंदर आलम की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा १४७, १८६, १८९, ५०६ के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों प्रकरणों में पुलिस ने आरोपी ग्राम जामडीह निवासी २१ वर्षीय तुलेश्वर सिंह पैंकरा पिता पंचरतन सिंह, कलचा निवासी २१ वर्षीय विकास सिंह पैंकरा पिता आनंद कुमार, २८ वर्षीय सत्यनारायण सिंह पिता सोमार साय, ग्राम जमगला निवासी २२ वर्षीय चमन नारायण सिंह पिता नरेश सिंह व एक अपचारी बालक को गिर तार किया है। वहीं आरोपियों ने देवगढ़ मेले में इस कदर उत्पात मचाया कि दुकानदार से लेकर मेला घूमने आए लोग यह देखकर काफी दहशत में आ गए थे। यही नहीं आरोपी मेले में आई लड़कियों व महिलाओं पर भी बेखौफ होकर छींटाकशी कर रहे थे। इनके हौसले इतने बुलंद थे कि इन्हें पुलिस का भी खौफ नहीं था, इसलिए आरक्षक के साथ भी मारपीट पर उतारू हो गए थे। इस पूरे घटनाक्रम ने इतने बड़े पैमाने पर लगने वाले मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply